कनाडा में जली हुई कार से मिला भारतीय युवक का शव, हत्या की आशंका
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में स्रे के रहने वाले 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव एक जली हुई कार से मिला है, जिसे पुलिस लक्षित हत्या मान रही है।

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली इलाके में एक जली हुई कार से 25 वर्षीय भारतीय युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई है, जो कनाडा के स्रे शहर में रहता था।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 29 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे लैंगली के रावलिसन क्रिसेंट इलाके में 23300 ब्लॉक के पास हुई। वहां एक कार को आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी।
आग बुझाने के बाद वाहन के अंदर से मानवीय अवशेष मिले। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह सुनियोजित तरीके से की गई हत्या हो सकती है और वारदात के सबूत मिटाने के लिए कार को आग के हवाले किया गया था।
इस मामले की जांच कनाडा की इंटीग्रेटेड होमीसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम ने अपने हाथ में ले ली है। इस जांच में लैंगली की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञ और ब्रिटिश कोलंबिया कोरोनर्स सर्विस भी मिलकर काम कर रहे हैं।
जांच अधिकारी सार्जेंट फ्रीडा फोंग ने बताया कि शुरुआती सबूत इस घटना के किसी को निशाना बनाकर अंजाम दिए जाने की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने कहा कि जांचकर्ता कनाडा और विदेश में रहने वाले तुषार के परिवार व दोस्तों से राब्ता कायम कर रहे हैं ताकि उसकी हालिया गतिविधियों के बारे में जानकारी इकट्ठी की जा सके।
जांच टीम के अनुसार तुषार का कनाडा में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। पुलिस अब उसके निजी संपर्कों, रोजाना के रूटीन और घटना से पहले संपर्क में आए लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
अहम घटनाक्रम
- स्रे निवासी 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का लैंगली में जली कार से मिला शव
- इंटीग्रेटेड होमीसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम मामले की हत्या के रूप में कर रही जांच
- पुलिस के मुताबिक शुरुआती सबूत निशाना बनाकर वारदात करने की ओर करते हैं इशारा



