कनाडा में पहले से मौजूद 1 लाख कर्मियों और परिवारों को पक्का करने की योजना
कनाडा सरकार ने प्रांतों को प्रांतीय नॉमिनी प्रोग्राम के तहत अतिरिक्त कोटा देने की घोषणा की है, जिससे 2027 में 1 लाख श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को पक्की रिहायश मिल सकेगी।

कनाडा सरकार ने देश में पहले से काम कर रहे कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को 2027 में पक्की रिहायश (पीआर) दिलाने के लिए एक अस्थायी प्रबंध तय किया है। इस योजना के तहत प्रांतों और केंद्र शासित प्रदेशों को अतिरिक्त अप्रवासन नामांकनों का उपयोग करने की छूट दी जाएगी, जिससे कुल मिलाकर 1 लाख लोगों को पीआर मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
अप्रवासन मंत्री लीना मैटेलज जियाब ने न्यू ब्रंसविक के डाईप में इस योजना के विवरण साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रांतीय नॉमिनी प्रोग्राम (पीएनपी) के तहत प्रांतों और प्रदेशों की सरकारों को अतिरिक्त नामांकनों की चयन सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
अप्रवासन विभाग के मुताबिक यह कोई नया अप्रवासन प्रोग्राम नहीं है और न ही नई अर्जियों के लिए बंद हो चुके प्रोग्रामों को दोबारा खोला जा रहा है। 1 लाख का लक्ष्य कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों दोनों को मिलाकर रखा गया है।
प्रांत और प्रदेश खुद यह फैसला करेंगे कि स्थानीय लेबर मार्केट की जरूरतों के मुताबिक पहले से स्थापित कर्मियों को रखने के लिए वे कितना अतिरिक्त कोटा इस्तेमाल करना चाहते हैं। इस कोटे को 31 मार्च 2027 तक इस्तेमाल करने की योजना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवधि प्रांतों द्वारा कोटा इस्तेमाल करने के लिए है, न कि आवेदकों द्वारा अर्जी जमा करवाने की आखिरी तारीख।
इस फैसले का लाभ कनाडा में पहले से रहकर काम कर रहे वर्करों को ही मिलेगा। प्रांतीय सरकारें उन कर्मियों को भी चुन सकेंगी जिन्होंने अटलांटिक अप्रवासन प्रोग्राम, स्टार्ट-अप वीजा, सेल्फ-इम्प्लॉयड, एग्री-फूड पायलट और होम-केयर जैसे फेडरल प्रोग्रामों के जरिए पीआर अप्लाई किया हुआ है और फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
अप्रवासन मंत्री लीना मैटेलज जियाब ने कहा कि अनुभवी कर्मियों को देश में बनाए रखने से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारोबारों को मदद मिलेगी।
विभाग का कहना है कि पहले से मौजूद कर्मियों को पक्का करने से रिहायश और बुनियादी ढांचे पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना कुशल कर्मियों की कमी पूरी की जा सकेगी। यह योजना बजट 2025 में घोषित 'इन-कनाडा वर्कर इनिशिएटिव' से अलग है।
अहम घटनाक्रम
- कनाडा ने 2027 में 1 लाख मौजूदा वर्करों और उनके परिवारों को पीआर देने की तैयारी की
- प्रांतों को प्रांतीय नॉमिनी प्रोग्राम के तहत मिलेगा अतिरिक्त नामांकन कोटा
- यह नया प्रोग्राम नहीं, सिर्फ कनाडा में पहले से रह रहे कर्मियों के लिए है
- प्रांत सरकारों के पास 31 मार्च 2027 तक अतिरिक्त एलोकेशन इस्तेमाल करने का समय होगा



