LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमृतपाल सिंह, 21 नवंबर को 3 घंटे की मिली पैरोल

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह को अदालत की ओर से तीन घंटे की पैरोल दी गई है। इस दौरान वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे, जबकि अंतिम अरदास की बाकी रस्मों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेंगे।

खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचेंगे। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह को अदालत की ओर से तीन घंटे की पैरोल दी गई है। इस दौरान वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे, जबकि अंतिम अरदास की बाकी रस्मों में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेंगे।

उनके गांव पहुंचने से पहले संगठन 'वारिस पंजाब दे' की ओर से समर्थकों से खास अपील की गई है। संगठन ने कहा है कि 21 नवंबर को अमृतपाल सिंह के गांव पहुंचने के दौरान किसी भी तरह की नारेबाजी न की जाए और माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखा जाए। इसके साथ ही अदालत की ओर से जारी आदेशों का पालन करने की अपील की गई है। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर किसी तरह की सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा होती है तो अमृतपाल सिंह को वापस ले जाया जा सकता है और अदालत की ओर से दी गई अनुमति भी रद्द हो सकती है।

इस संबंध में अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह ने कहा कि उनके गांव पहुंचने समय कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। परिवार अदालत और प्रशासन की ओर से जारी किए जाने वाले सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेगा और पूरा सहयोग देगा। उन्होंने संगत से भी अपील की कि वे अपने नेता को मिलने समय अनुशासन बनाए रखें।

सुखचैन सिंह ने बताया कि नए हुक्मों के मुताबिक अमृतसर देहाती पुलिस को अमृतपाल सिंह को गांव लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके दोपहर 12 बजे तक घर पहुंचने की संभावना है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद समय में बदलाव भी हो सकता है।

उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह की दादी का अंतिम संस्कार पहले 17 नवंबर को किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 21 नवंबर कर दी गई। इसके बाद अदालत की ओर से उनके चाचा हरजीत सिंह और सुखमन सिंह की ओर से दायर याचिकाओं पर भी सुनवाई की जाएगी।

अंतिम संस्कार के खर्चों के बारे में बात करते हुए सुखचैन सिंह ने कहा कि परिवार ने सरकार को सभी खर्चे उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि जब सरकार की ओर से अमृतपाल सिंह को असम की जेल में रखा गया है तो उन्हें लाने और वापस ले जाने सहित इससे जुड़े खर्चों की जिम्मेदारी भी सरकार को उठानी चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम संस्कार के मौके पर किसी स्टेज या जनसभा का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। यह परिवार के लिए दुख की घड़ी है और सिख परंपराओं के मुताबिक कीर्तन, कथा और अरदास करवाई जाएगी।

अहम घटनाक्रम

  • अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को 3 घंटे की पैरोल मिली है।
  • वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
  • अंतिम अरदास की रस्मों में वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़ेंगे।
  • संगठन ने समर्थकों से नारेबाजी न करने की अपील की है।
  • परिवार ने सरकार से आने-जाने का खर्च उठाने को कहा है।