LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 28 नवंबर 2026
ब्रेकिंगदिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में झूमीं करिश्मा कपूर और सानिया मल्होत्रा
देश

दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा के मार्च को नहीं दी अनुमति

दिल्ली पुलिस ने किसान आंदोलन की वर्षगांठ के मौके पर जंतर-मंतर की ओर निकाले जाने वाले संयुक्त किसान मोर्चा के रोष मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। उधर पंजाब के बरनाला में किसानों द्वारा वर्षगांठ का कार्यक्रम तय किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा के मार्च को नहीं दी अनुमति
Punjab Television

दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा गुरुवार को काली बाड़ी से जंतर-मंतर तक निकाले जाने वाले रोष मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। किसान संगठनों ने दिल्ली किसान आंदोलन शुरू होने के छह साल पूरे होने के मौके पर इस मार्च का आह्वान किया था।

नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य कार्यकर्ताओं की ओर से 26 नवंबर को मार्च करने की सूचना मिली थी, लेकिन इसके लिए कोई आवेदन नहीं आया और न ही कोई अनुमति दी गई है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है, जिसके कारण बिना मंजूरी के सभाओं, जुलूसों और धरनों पर पाबंदी है। पुलिस ने आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मोर्चे ने मंदिर मार्ग स्थित काली बाड़ी से दोपहर एक बजे मार्च शुरू करने का कार्यक्रम बनाया था। संयुक्त किसान मोर्चा की मौजूदा मांगों में एमएसपी की कानूनी गारंटी, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध, विशेष गहन संशोधन को रद्द करना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना शामिल है।

दूसरी ओर पंजाब में दिल्ली मोर्चे की वर्षगांठ के मौके पर बरनाला की दाना मंडी में किसानों द्वारा बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने बठिंडा के गांव भूंदड़ में बैठक करके बरनाला एकत्र होने की तैयारी की थी।

किसान नेताओं झंडा सिंह जेठूके और सिंगारा सिंह मान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली आंदोलन के दौरान सभी फसलों पर एमएसपी की सरकारी खरीद की गारंटी, बिजली संशोधन बिल और बीज बिल वापस लेने के लिखित वादे अभी भी लटके हुए हैं। किसानों की कर्ज मुक्ति, आंदोलन के दौरान दर्ज केस रद्द करने और शहीद हुए किसानों के परिवारों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग भी बकाया है।

अहम घटनाक्रम

  • दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा के जंतर-मंतर मार्च की अनुमति देने से इनकार किया
  • नई दिल्ली में धारा 163 लागू होने के कारण सभाओं और धरनों पर पाबंदी
  • किसानों ने दिल्ली आंदोलन शुरू होने के छह साल पूरे होने पर दिया था मार्च का आह्वान
  • पंजाब के बरनाला में दिल्ली मोर्चे की वर्षगांठ मनाने के लिए किसानों का एकत्र होना