LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
पंजाब

नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन बाद मानसा में हुआ अंतिम संस्कार

मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के 26 दिन बाद परिवार और हजारों समर्थकों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन बाद मानसा में हुआ अंतिम संस्कार
Punjab Television

मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन के लंबे अंतराल के बाद रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका अंतिम संस्कार मानसा के चकेरियां रोड स्थित उनके खेत में किया गया।

अंतिम संस्कार के मौके पर परविंदर झोटा के बड़े बेटे और पिता भीम सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, समर्थक और इलाके के लोग मौजूद थे। इकट्ठा हुए लोगों ने नशा तस्करों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

इससे पहले चंडीगढ़ के पीजीआई में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार सुबह करीब 5 बजे शव परिवार को सौंपा गया था। चंडीगढ़ से मानसा लाते समय रास्ते में अलग-अलग जगहों पर लोगों ने फूल बरसाकर शव के अंतिम दर्शन किए।

अंतिम संस्कार के बाद परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत एक सोची-समझी साजिश का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार होने से इंसाफ की लड़ाई खत्म नहीं हुई है और मुख्य आरोपियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

भीम सिंह ने मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी के तुरंत तबादले की मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले में दखल देने की मांग की।

गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की बीते 13 अक्टूबर को मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरकार और इंसाफ कमेटी के बीच बनी सहमति के बाद ही परिवार पोस्टमॉर्टम और संस्कार के लिए राजी हुआ था।

अहम घटनाक्रम

  • परविंदर सिंह झोटा का 26 दिन बाद मानसा में किया गया अंतिम संस्कार
  • चकेरियां रोड स्थित खेत में बड़े बेटे और पिता ने चिता को दी मुखाग्नि
  • पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार सुबह शव परिवार को सौंपा गया था
  • पिता भीम सिंह ने एसएसपी के तबादले और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई