LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
रविवार, 22 नवंबर 2026
पंजाब

पंजाब पुलिस ने 10 महीनों में 85 हजार से अधिक व्यक्ति किए गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने 'गैंगस्टर पर वार' अभियान के तहत 1.67 लाख छापेमारी करते हुए 85,598 जनों को हिरासत में लिया है।

पंजाब पुलिस ने 10 महीनों में 85 हजार से अधिक व्यक्ति किए गिरफ्तार
Punjab Television

पंजाब पुलिस द्वारा राज्य में चलाए जा रहे 'गैंगस्टर पर वार' अभियान के 10 महीने पूरे होने पर 85,598 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने साझा की।

स्पेशल डीजीपी के मुताबिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 1.67 लाख ठिकानों पर छापे मारे हैं। पकड़े गए मुलजिमों में गैंगस्टर और उनके साथी शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1,497 असलहे, 4,561 जिंदा रौंद, 487 मैगजीन और 296 धारदार हथियारों समेत 21 बम (हैंड ग्रेनेड) जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार इस अभियान के दौरान 48,422 जनों के विरुद्ध रोकथाम के लिए कानूनी कदम उठाए गए, जबकि 19,749 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इसके अलावा विभिन्न मामलों में वांछित 2,231 भगोड़े अपराधी भी काबू किए जा चुके हैं।

अभियान के 304वें दिन पुलिस टीमों ने 626 स्थानों पर तलाशी लेकर 249 व्यक्तियों को काबू किया और 11 भगोड़ों को गिरफ्तार किया। प्रवीण सिन्हा ने लोगों को अपराधियों के बारे में खुफिया जानकारी देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर संपर्क करने की अपील की।

पंजाब को गैंगस्टर मुक्त करने के मकसद से डीजीपी गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को यह अभियान शुरू किया था। सभी जिलों की पुलिस एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ मिलकर संदिग्ध ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसके साथ ही नशा विरोधी अभियान के 629वें दिन 143 कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनसे 6.2 किलोग्राम नशीला पाउडर (हेरोइन), ढाई किलो अफीम, 10 किलो भुक्की और 1.88 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त की। अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।

अहम घटनाक्रम

  • पंजाब पुलिस ने 10 महीनों में 1.67 लाख छापे मारकर 85,598 व्यक्ति पकड़े
  • मुलजिमों के पास से 1,497 हथियार, 21 हैंड ग्रेनेड और 4,561 कारतूस जब्त किए
  • विभिन्न केसों में वांछित 2,231 भगोड़े अपराधियों को भी काबू किया गया
  • अपराधियों के बारे में गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी