पंजाब भर के पुलों का होगा सुरक्षा ऑडिट, लोक निर्माण मंत्री ने दिए आदेश
पटियाला में पुल गिरने के बाद पंजाब सरकार ने राज्य के सभी पुलों की व्यापक सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने विशेष रूप से पुराने और कमजोर पुलों के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने के निर्देश जारी किए हैं।

पटियाला जिले में पुल गिरने की घटना के बाद पंजाब सरकार ने राज्य भर के सभी पुलों की व्यापक सुरक्षा जांच और ऑडिट करवाने का फैसला किया है। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने विभाग के समूह सीनियर फील्ड इंजीनियरिंग अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र के अधीन आते सभी पुलों की तुरंत जांच करने के हुक्म दिए हैं।
एक समीक्षा मीटिंग के दौरान मंत्री ने कहा कि राहगीरों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलों की नींव, खंभों (पियर्स), एबटमेंट्स, डेकों और अन्य अहम हिस्सों की मजबूती की बारीकी से परख की जाए। यदि किसी भी पुल में दरारें या कमजोरी के लक्षण दिखें तो तुरंत जरूरी बचाव कदम उठाए जाएं।
लोक निर्माण मंत्री ने यह भी हिदायत दी कि पुराने और संवेदनशील पुलों की गहराई से जांच और नॉन-डिस्टर्क्टिव टेस्टिंग करवाने के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों, नामवर तकनीकी संस्थानों या स्ट्रक्चरल इंजीनियरों की सेवाएं ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और मरम्मत से जुड़ी सिफारिशों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए।
बताने योग्य है कि 19 नवंबर को पटियाला-संगरूर मुख्य मार्ग पर गांव पसिआणा के पास भाखड़ा मेन लाइन नहर पर बना 60 मीटर लंबा स्टील ट्रस पुल अचानक गिर गया था। यह पुल नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने साल 2016 में तैयार किया था, जिसके बाद पुलों की संभाल और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही थी।
मीटिंग के दौरान मंत्री ने राज्य के राजमार्गों और संपर्क सड़कों के चल रहे कामों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि पीएमजीएसवाई और नाबार्ड सहित विभिन्न प्रोजेक्ट समय पर मुकम्मल किए जाएं और सर्दियों में धुंध के दौरान हादसों से बचाव के लिए सड़कों पर लेन मार्किंग और सुरक्षा चिह्न लगाने का काम पूरा किया जाए। इस मौके पर लोक निर्माण सचिव रवि भगत सहित विभाग के अन्य सीनियर अधिकारी हाजिर थे।
अहम घटनाक्रम
- पंजाब सरकार ने राज्य भर के सभी पुलों की सुरक्षा जांच के दिए रस्मी हुक्म
- पुराने व कमजोर पुलों के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों की ली जाएगी मदद
- पटियाला-संगरूर मार्ग पर 19 नवंबर को गिर गया था 2016 में बना पुल



