पंजाब में पराली जलाने के मामले 3300 के पार, 870 एफआईआर और 60 लाख रुपये जुर्माना
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक राज्य में पराली जलाने के मामले बढ़कर 3,307 हो गए हैं और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 870 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पंजाब में पराली जलाने के मामलों में और बढ़ोतरी हुई है और 7 नवंबर तक राज्य भर में 3,307 घटनाएं दर्ज की गई हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक 870 एफआईआर दर्ज कर ली हैं।
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने पर अब तक 60.60 लाख रुपये का पर्यावरण मुआवजा (जुर्माना) लगाया गया है, जिसमें से 32.50 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा जमीनी रिकॉर्ड में 1,004 लाल एंट्री की गई हैं और 1,102 चेतावनी नोटिस जारी हुए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि अधिकारियों ने राज्य भर में 2,903 जगहों का दौरा करके जांच की, जिनमें से 1,275 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई है।
जिलों के हिसाब से तरनतारन 623 मामलों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद फिरोजपुर में 435, संगरूर में 294, बठिंडा में 274 और अमृतसर में 235 घटनाएं सामने आई हैं।
पटियाला जिले में इस दौरान 196 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 157 जगहों की पड़ताल के बाद 94 जगहों पर आग लगने की पुष्टि हुई। पटियाला में 3.45 लाख रुपये जुर्माना लगाकर 1.25 लाख रुपये वसूले गए हैं और जिले में 77 एफआईआर, 33 लाल एंट्री व 185 चेतावनी नोटिस दर्ज किए गए।
इससे पहले 6 नवंबर तक राज्य में खेतों में आग लगने के 3,144 मामले और 795 एफआईआर दर्ज थीं, जबकि जुर्माने के रूप में 54.55 लाख रुपये लगाए गए थे।
अहम घटनाक्रम
- 7 नवंबर तक पराली जलाने के कुल 3,307 मामले दर्ज, जांच के दौरान 1,275 जगहों पर पुष्टि
- नियम तोड़ने वालों के खिलाफ एफआईआर की संख्या बढ़कर 870 हुई
- पर्यावरण मुआवजे के रूप में 60.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, 32.50 लाख की हुई वसूली
- जमीनी रिकॉर्ड में अब तक 1,004 लाल एंट्री दर्ज
- तरनतारन 623 घटनाओं के साथ सबसे आगे, फिरोजपुर में 435 मामले दर्ज



