LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

पंजाब में 100 साल पुराने पुल आज भी खड़े हैं, लेकिन अकाली-भाजपा राज के दौरान बने पुल गिर रहे हैं: बलतेज पन्नू

बलतेज पन्नू ने पटियाला में बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर भाखड़ा नहर के पुल के गिरने के मामले पर भाजपा और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को आड़े हाथों लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव की कमी और यात्रियों को बुनियादी सुरक्षा व सुविधाएं दिए बिना की जा रही भारी टोल वसूली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पटियाला में बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर भाखड़ा नहर के पुल के गिरने के मामले पर भाजपा और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को आड़े हाथों लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव की कमी और यात्रियों को बुनियादी सुरक्षा व सुविधाएं दिए बिना की जा रही भारी टोल वसूली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि गिरा हुआ पुल पंजाब में अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान बनाई गई सड़कों और बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्टों का हिस्सा था। 2016 में सुखबीर सिंह बादल द्वारा किए गए उन दावों को याद करते हुए, जिनमें कहा गया था कि पंजाब को ऐसी 'बम प्रूफ' सड़कें दी गई हैं जिन्हें बम से भी नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता, उन्होंने कहा, इन सड़कों और पुलों की हालत ने उन बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है। महज एक दशक पहले बना पुल अब ढह गया है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई है।

उन्होंने कहा, देश भर में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के हाईवे्स की हालत लगातार बिगड़ रही है और विभिन्न स्थानों पर निर्माण के कुछ दिनों, महीनों या सालों के भीतर ही पुल गिर रहे हैं। इसके विपरीत, पंजाब में कई पुल 100 से 125 साल से अधिक समय से मजबूती से खड़े हैं। एक नए बने पुल का गिरना निर्माण की गुणवत्ता और जनता के बुनियादी ढांचे की रखरखाव करने में केंद्रीय अधिकारियों की नाकामी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बलतेज पन्नू ने निशाना साधते हुए कहा, पंजाब के नेशनल हाईवे्स पर यात्री रोजाना करोड़ रुपए टोल के रूप में अदा कर रहे हैं, लेकिन रखरखाव और जन सुरक्षा के मामले में कोई जवाबदेही नहीं है। एनएचएआई के नियमों के अनुसार, टोल प्लाजा पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग बाथरूम, एम्बुलेंस सेवाएं और फर्स्ट-ऐड की सुविधाएं होनी लाजिमी हैं। जहां टोल वसूली के जरिए लोगों की जेबें खाली की जा रही हैं, वहीं उनकी बुनियादी सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं से भी समझौता किया जा रहा है।

आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज ने आगे बताया, बठिंडा की तरफ जाते हाईवे हिस्से पर 3 अन्य पुलों को भी ढहाकर दोबारा बनाया जा रहा है, जो कुछ साल पहले बने बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल उठाता है। भारी वाहनों के निकलने से पुल हिलने लगते हैं, फिर भी इस रास्ते को खुला रखा गया है, जो किसी बड़े हादसे को बुलावा दे सकता है.

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के उस बयान कि भारी वाहनों को पुल के ऊपर से नहीं गुजरना चाहिए, पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सवाल किया, क्या मौके पर वास्तव में ऐसी कोई पाबंदी लगाई गई है? यदि पुल भारी वाहनों का भार झेलने के योग्य नहीं है, तो क्या एनएचएआई ने उचित साइन बोर्ड लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी है या उनसे टोल वसूलना बंद किया है? भारी वाहनों से मोटा टोल वसूला जाता है, जो अक्सर छोटे वाहनों से दोगुना या तिगुना होता है। यह सुनिश्चित करना एनएचएआई की जिम्मेदारी है कि नेशनल हाईवे उस आवाजाही का भार झेलने के समर्थ हों जिसके लिए टोल इकट्ठा किया जा रहा है।

बलतेज पन्नू ने जोर देकर कहा, नेशनल हाईवे्स को सिर्फ छोटे वाहनों के लिए सुरक्षित सड़कों तक सीमित नहीं किया जा सकता, जबकि घटिया निर्माण और नाकाफी रखरखाव के कारण भारी वाहनों को अपनी जान जोखिम में डालने के लिए छोड़ दिया जाए। रवनीत सिंह बिट्टू को भारी वाहनों पर पाबंदियों की तरफ ध्यान भटकाने के बजाय असली मुद्दे का जवाब देना चाहिए: सबसे पहले यह पुल क्यों गिरा, और इसके लिए किसकी जवाबदेही तय की जाएगी?

उन्होंने कहा कि पटियाला के डिप्टी कमिश्नर ने मौके का दौरा किया है और बताया है कि इस घटना की मजिस्ट्रेट जांच करवाई जाएगी। हालांकि, बलतेज पन्नू ने जोर दिया, यह जांच महज एक खानापूर्ति बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें घटिया निर्माण और रखरखाव की नाकामी के लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

बलतेज पन्नू ने अंत में कहा, यह घटना कोई अकेला मामला नहीं है, बल्कि भाजपा की अगुवाई वाले सिस्टम के तहत बिगड़ रहे नेशनल हाईवे बुनियादी ढांचे के एक बड़े रुझान का हिस्सा है। भारी टोल वसूली, माड़ी रखरखाव और पुलों के बार-बार गिरने की घटनाएं भ्रष्टाचार, जनता के पैसे के दुरुपयोग और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। भाजपा और एनएचएआई अपनी जवाबदेही से भाग नहीं सकते, जबकि आम लोग लगातार उन हाईवे्स के लिए पैसे अदा कर रहे हैं जो दिन-ब-दिन उनकी जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

अहम घटनाक्रम

  • बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर भाखड़ा नहर का पुल गिरा
  • आप नेता ने भाजपा और एनएचएआई पर उठाए गंभीर सवाल
  • पुल की मजिस्ट्रेटी जांच के दिए गए आदेश