बटाला में 'आप' की विशाल बाइक रैली, 700 से अधिक बाइकर हुए शामिल
पंजाब को नशा मुक्त बनाने और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने के संकल्प के साथ, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम के तहत बटाला में एक विशाल बाइक रैली निकाली गई।

पंजाब को नशा मुक्त बनाने और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने के दृढ़ संकल्प के साथ, मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा शुरू की गई मुहिम 'युद्ध नशे विरुद्ध' के तहत गुरुवार को बटाला में एक विशाल नशा विरोधी बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में गुरदासपुर जिले के अलग-अलग हिस्सों से 700 से अधिक बाइकरों और बड़ी संख्या में 'आप' वालंटियरों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेकर नशा मुक्त पंजाब का संदेश दिया।
यह रैली विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी के दफ्तर के पास फ्लैग चौक बाईपास से शुरू हुई और बटाला के मुख्य बाजारों, चौराहों और रिहायशी इलाकों से होती हुई वापस शुरुआती स्थान पर आकर समाप्त हुई। रैली में शामिल बाइकरों ने हाथों में नशा विरोधी नारों वाली तख्तियां पकड़ी हुई थीं, जबकि वालंटियरों और युवाओं ने मुहिम के समर्थन में जोरदार नारे लगाकर पूरे शहर में उत्साह और जन जागरूकता का माहौल सृजित कर दिया।
बटाला के अलग-अलग हिस्सों से गुजरने के दौरान स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया। रैली में शामिल युवाओं ने शहरवासियों, खासकर युवा पीढ़ी को नशों से दूर रहने और अपनी ऊर्जा खेलों, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि नशों के कोढ़ को जड़ से खत्म करना सिर्फ सरकार की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
यह रैली निर्धारित रूट के अनुसार फ्लैग चौक बाईपास से शुरू होकर जीटी रोड, बस स्टैंड, सुच्चा सिंह महताब सिंह चौक, हंसली पुल, आर.आर. बावा कॉलेज रोड, जस्सा सिंह रामगढ़िया हॉल, लव-कुश चौक, डीएवी स्कूल रोड, बेरिंग कॉलेज, जालंधर रोड, काहनूवान चुंगी, पुलिस लाइन रोड और गांधी नगर कैंप से होती हुई वापस फ्लैग चौक बाईपास पहुंची।
'आप' नेताओं और वालंटियरों ने फिर दोहराया कि भगवंत मान सरकार पंजाब की जवानी को बचाने और नशों के खात्मे के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नशों के खिलाफ छेड़ी गई जंग के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने जिला वासियों से इस लड़ाई में सरकार और प्रशासन का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित, स्वस्थ, खुशहाल और 'रंगला पंजाब' सृजने के वास्ते लोगों की भागीदारी और साझा दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी है।
अहम घटनाक्रम
- बटाला में 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम के तहत निकाली गई विशाल बाइक रैली
- रैली में गुरदासपुर जिले से 700 से अधिक बाइकरों ने लिया हिस्सा
- फ्लैग चौक बाईपास से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी रैली



