बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की बड़ी सफलता, मुर्गियों के लिए तैयार की पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन
देश में पहली बार मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की गई है। भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (NIHSAD) द्वारा तैयार की गई इस वैक्सीन को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को देश को समर्पित करेंगे।

बर्ड फ्लू के कारण हर साल पोल्ट्री कारोबार को होने वाले भारी नुकसान को रोकने के लिए भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की गई है। भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (NIHSAD) द्वारा तैयार की गई इस वैक्सीन को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को देश को समर्पित करेंगे।
इस संबंध में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इसके मुताबिक, मुर्गियों के लिए तैयार की गई निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) वैक्सीन भारत में अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसे खासतौर पर देश में फैल रहे H5N1 HPAI वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा प्रदान करने के लिए विकसित किया गया है।
दरअसल, बर्ड फ्लू को हाइली पाथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) भी कहा जाता है। यह मुर्गियों समेत अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण के कारण पक्षियों की मृत्यु दर 100 फीसदी तक हो सकती है। बीमारी फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है और पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार पर भी प्रतिबंध लग जाते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।
बर्ड फ्लू के कारण देश को हो सकता है भारी आर्थिक नुकसान
केंद्र सरकार मुताबिक, बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी विकास दर को 1.5 फीसदी तक प्रभावित कर सकता है। अगर यह बीमारी बेकाबू होकर फैलती है तो देश की 20 फीसदी से ज्यादा पोल्ट्री आबादी प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है।
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण भारत को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर लगभग 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इसी तरह मणिपुर में भी बर्ड फ्लू के कारण हुए एक प्रकोप के दौरान राज्य की जीडीपी के 0.5 फीसदी के बराबर आर्थिक नुकसान दर्ज किया गया था।
मनुष्यों में भी सामने आ चुके हैं संक्रमण के मामले
बर्ड फ्लू सिर्फ पक्षियों और पोल्ट्री कारोबार के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों मुताबिक, साल 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में मनुष्यों के अंदर H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 479 लोगों की मौत हो चुकी है।
मंत्रालय मुताबिक, H5N1 वायरस का क्लेड 2.3.2.1A मुर्गियों में बर्ड फ्लू के ज्यादातर प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस वायरस का संक्रमण कई जानवरों की प्रजातियों, खासकर स्तनधारी जीवों में भी देखा गया है। इसके अलावा मनुष्यों में भी इस वायरस के तीन मामले सामने आ चुके हैं।
क्यों जरूरी थी स्वदेशी वैक्सीन?
केंद्र सरकार अनुसार, फिलहाल H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा के लिए कोई विशेष व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। इस कारण भारत के लिए अपनी वैक्सीन विकसित करना बेहद महत्वपूर्ण था।
भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज द्वारा तैयार की गई यह स्वदेशी वैक्सीन इसी जरूरत को पूरा करने की तरफ एक अहम कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षा देना, पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम करना और वायरस के अन्य जानवरों व मनुष्यों तक फैलने के खतरे को कम करना है।
अहम घटनाक्रम
- देश में पहली बार मुर्गियों के लिए स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की गई है।
- इसे भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD द्वारा तैयार किया गया है।
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इस वैक्सीन को देश को समर्पित करेंगे।
- यह वैक्सीन H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा प्रदान करेगी।



