LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

मोगा में 26 नवंबर को 'आप' की महारैली, 2027 के चुनाव का होगा बिगुल

26 नवंबर को मोगा में आम आदमी पार्टी द्वारा विशाल स्थापना दिवस रैली की जाएगी, जिसमें अरविंद केजरीवाल, सीएम भगवंत मान समेत पार्टी की पूरी लीडरशिप शामिल होगी। इस रैली में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है और इसी मंच से 'आप' 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव बिगुल बजाएगी।

आम आदमी पार्टी ('आप') पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैली कलसी और 'आप' पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने गुरुवार को 26 नवंबर को मोगा में होने वाली पार्टी की मेगा स्थापना दिवस रैली की तैयारियों का जायजा लिया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि इस ऐतिहासिक एकत्रण में पंजाब भर से पार्टी वालंटियरों, वर्करों, नेताओं और समर्थकों समेत एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने ऐलान किया कि इस रैली में 'आप' के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी की पूरी लीडरशिप शिरकत करेगी, जो कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए औपचारिक तौर पर चुनाव बिगुल भी बजाएगी।

'आप' पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैली कलसी ने कहा, “26 नवंबर की रैली विरोधी पार्टियों को एक सख्त राजनीतिक संदेश देगी और पंजाब में 'आप' सरकार द्वारा पांच साल के समर्पित कामों के सदका हासिल किए गए जनसमर्थन को दर्शाएगी। राज्य के कोने-कोने से लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे और इस एकत्रण का विशाल रूप न सिर्फ पंजाब, बल्कि पूरे देश में एक शक्तिशाली संदेश देगा। लोग एक बार फिर 'आप' सरकार द्वारा किए गए कामों में अपना भरोसा प्रकट करेंगे।”

रैली वाली जगह के रूप में मोगा के चयन के बारे में बताते हुए 'आप' पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, “पार्टी लीडरशिप और हमारे विधायकों ने संयुक्त तौर पर फैसला किया कि माझा, दोआबा, मालवा और सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए केंद्रीय स्थान और पहुंच की सुविधा के कारण मोगा सबसे उपयुक्त जगह होगी। यह पंजाब के इतिहास के सबसे बड़े राजनीतिक एकत्रणों में से एक होगा और पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर इसका आयोजन किया जाना इस मौके को और भी महत्वपूर्ण बनाता है।”

इस दौरान 'आप' पंजाब के जनरल सचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा, “लगभग 116 एकड़ जमीन में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और जरूरत पड़ने पर इस जगह को और बढ़ाने की व्यवस्था भी रखी गई है। इसमें एक लाख से अधिक पार्टी समर्थकों, वर्करों, वालंटियरों और नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। रैली वाली पूरी जगह को कवर (ढका) किया जाएगा और यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को कोई असुविधा न हो, पंडाल के अंदर ही शौचालय, खाने-पीने और पीने के पानी समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।”

parking प्रबंधों का विवरण देते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, “ट्रैफिक जाम से बचने के लिए रैली वाली जगह के दोनों तरफ अलग-अलग पार्किंग सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। लुधियाना वाले पांसियों से आने वाले वाहनों और बसों को एक निर्धारित पार्किंग क्षेत्र की तरफ भेजा जाएगा, जबकि मोगा वाले पासियों से लोगों की बड़ी आमद को ध्यान में रखते हुए उस तरफ एक बड़ी पार्किंग का प्रबंध किया गया है।”

महिलाओं और बुजुर्गों के लिए किए गए प्रबंधों के बारे में बोलते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, “पिछली रैलियों के दौरान महिलाओं और बुजुर्ग नागरिकों को आने वाली मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए, हमने लोगों को निर्धारित ड्रॉप-ऑफ पॉइंटों और पार्किंग क्षेत्रों से रैली वाली जगह तक ले जाने के लिए बसों और ई-रिक्शों का प्रबंध किया है। ये सुविधाएं सुनिश्चित करेंगी कि महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य लोग बिना लंबी दूरी पैदल तय किए आराम से पंडाल तक पहुंच सकें।”

बलतेज पन्नू ने आगे कहा, “मोगा की केंद्रीय स्थिति पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से सफर करके आने वाले लोगों के लिए इसे सुविधाजनक बनाती है। हमने प्रबंधों के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया है ताकि रैली में शामिल होने वाले हर व्यक्ति को सुहाना, सुचारू और आरामदायक अनुभव मिले।”

दोनों नेताओं ने कहा कि 26 नवंबर का यह एकत्रण 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 'आप' की मुहिम की औपचारिक शुरुआत होगा। 'आप' के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूरी पार्टी लीडरशिप की भागीदारी से स्थापना दिवस की यह रैली पार्टी और पंजाब में इसकी सरकार के कामों के पीछे खड़े जनसमर्थन को दर्शाएगी।

अहम घटनाक्रम

  • 26 नवंबर को मोगा में 'आप' की मेगा स्थापना दिवस रैली होगी।
  • रैली में अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान समेत पार्टी की पूरी लीडरशिप शामिल होगी।
  • इस रैली से 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों का चुनाव बिगुल बजेगा।
  • रैली में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।