LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
पंजाब

मोहाली में पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े 4 आरोपी गिरफ्तार, 5 पिस्तौल और हेरोइन बरामद

मोहाली पुलिस ने खरड़ क्षेत्र से फिरोजपुर के चार नौजवानों को गिरफ्तार कर पांच पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन और एक लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी सीमा पार से ड्रोन के जरिए मंगवाया नशा ट्राइसिटी में बेचते थे।

मोहाली में पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े 4 आरोपी गिरफ्तार, 5 पिस्तौल और हेरोइन बरामद
Punjab Television

मोहाली पुलिस ने सीमा पार से नशे और असला की तस्करी करने के आरोप में चार नौजवानों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और एक क्रेटा कार जब्त की है।

एसएएस नगर के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम गश्त पर थी। उस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजपुर जिले के चार जने एक निजी गाड़ी के जरिए इलाके के अंदर नशीले पदार्थ और नाजायज हथियार पहुंचाने का धंधा करते हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह, सुनील उर्फ सनी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी और सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह सभी फिरोजपुर जिले के गांवों के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पहले कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।

एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर के संपर्क में थे और संपर्क बनाए रखने के लिए इंटरनेट ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। पुलिस का आरोप है कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए फेंकी गई हेरोइन प्राप्त करके यह आरोपी मोहाली और चंडीगढ़ सहित पूरे ट्राइसिटी में अधिक मुनाफे पर सप्लाई करते थे।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए हथियारों में एक विदेशी जिगाना .30 बोर पिस्तौल, दो .32 बोर और दो .315 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इस संबंध में थाना सिटी खरड़ में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों का चार दिन का रिमांड हासिल किया है। अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।

अहम घटनाक्रम

  • सीआईए खरड़ ने क्रेटा कार सवार फिरोजपुर के 4 नौजवानों को पकड़ा
  • आरोपियों के पास से जिगाना समेत 5 पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन और 1 लाख रुपये बरामद
  • पुलिस का आरोप: आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर से ड्रोन के जरिए नशा मंगवाकर ट्राइसिटी में बेचते थे
  • थाना सिटी खरड़ में मामला दर्ज, अदालत ने 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा