LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

सुखबीर बादल पर बलतेज पन्नू का तीखा हमला

आप के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने सुखबीर सिंह बादल पर सवाल उठाते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह कथित तौर पर एक कारोबारी से मुफ्त शराब मांगते नजर आ रहे हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी के पंथक होने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने एक वीडियो चलाई जिसमें सुखबीर सिंह बादल कथित तौर पर एक कारोबारी को पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों के लिए मुफ्त शराब मुहैया कराने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। इस बात की ओर इशारा करते हुए कि कारोबारी जवाब में कहता है कि वह 2002 से शराब सप्लाई कर रहा है, पन्नू ने मांग की कि सुखबीर सिंह बादल इस वीडियो के बारे में स्पष्टीकरण दें और शराब व्यापारियों के साथ पार्टी के संबंधों की सच्चाई स्पष्ट करें।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए 'आप' पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा, “जिन लोगों ने 2007 से 2017 तक दस साल पंजाब को लूटा, वही अब लोगों को यह यकीन दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे राज्य को बचाना चाहते हैं। उनकी सरकार के दौरान रेत, ट्रांसपोर्ट, केबल और शराब माफिया खूब फले-फूल े। अकालियों ने इस लूट की अगुवाई की जबकि भाजपा ने इसका लाभ बांटा। पंजाब अच्छी तरह जानता है कि उन दस सालों के दौरान क्या हुआ था।”

पंजाब की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की हालत को याद करते हुए 'आप' पंजाब के मीडिया इंचार्ज ने कहा, “सरकारी बसों को सड़ने के लिए छोड़ दिया गया था क्योंकि उनके स्पेयर पार्ट्स तक नहीं खरीदे जाते थे। पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज की वर्कशॉप ऐसी बसों से भरी पड़ी थीं जिनकी मरम्मत नहीं हो सकती थी। जहाँ एक ओर सरकारी ट्रांसपोर्ट सिस्टम को कमजोर किया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर प्राइवेट बस ऑपरेटर अपने कारोबार बढ़ा रहे थे। अकाली-भाजपा सरकार के शासन का यही मॉडल था।”

उन्होंने आगे कहा कि केबल टेलीविजन के कारोबार पर एकाधिकार कायम कर लिया गया था, जिससे स्वतंत्र न्यूज़ चैनलों को पंजाब में आने से रोका गया और पत्रकारिता की आजादी पर प्रतिबंध लगाया गया। उन्होंने कहा, “स्वतंत्र न्यूज़ चैनलों को पंजाब में आजाद तरीके से काम करने की इजाजत नहीं थी। केबल नेटवर्क एक ताकतवर व्यापारी घराने के कंट्रोल हेडरहा। इसी तरह शराब के कारोबार को एल-1 और एल-2 लाइसेंस प्रणाली और पर्ची सिस्टम के जरिए कंट्रोल किया गया, जिससे बाहरी व्यापारियों को रोका गया और कुछ चुनिंदा लोगों को ही कारोबार पर कब्जा करने दिया गया।”

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की तथाकथित 'जवानी संभाल यात्रा' और अकाली दल (बादल) की तथाकथित 'पंजाब बचाओ' मुहिम पर निशाना साधते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि दोनों पार्टियों के पास लोगों को पंजाब बचाने के बारे में उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “पंजाब को बचाने की बात करने वाले वही लोग हैं जिन्होंने अपने सत्ता काल के दौरान इसे तबाह किया। चरणजीत सिंह चन्नी, जिन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की अगुवाई की, अब खुद करोड़ों रुपये की गाड़ियों में घूमते हुए नौजवानों को बचाने के लिए साइकिल पर निकले हैं। यह राजनीतिक ड्रामे से सिवाए कुछ नहीं है। जिन्होंने सत्ता का मौका मिलने पर पंजाब को फेल किया, वे अब इसके रक्षक बनने का ढोंग नहीं कर सकते।”

हरसिमरत कौर बादल द्वारा औरतों को नशा बेचने वालों की सूचियां तैयार करने की की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए बलतेज पन्नू ने सवाल किया कि बादल परिवार नशों से जुड़े विवादों में बार-बार सामने आए लोगों और संबंधों के बारे में सवालों के जवाब देने के बजाय आम लोगों को नशा सप्लायरों की पहचान करने के लिए क्यों कह रहा है। उन्होंने पूछा, “अकाली लीडरशिप को पंजाब में नशा फैलाने वालों की पहचान करने के लिए अपने दायरे से बाहर देखने की जरूरत नहीं है। औरतों को नशा बेचने वालों की सूचियां तैयार करने के लिए कहने से पहले, उन्हें उन संबंधों और नामों के बारे में स्पष्ट करना चाहिए जो नशों के विवादों में बार-बार सामने आए हैं, जिनमें सत्ता, पिंडी और भोला शामिल हैं। बादल परिवार नशों के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने में क्यों असफल रहा?”

उन्होंने कहा कि 2007-2017 की अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान नशों के संकट ने पंजाब की नौजवानी की एक पूरी पीढ़ी को तबाह कर दिया था।

बलतेज पन्नू ने 2021 में गांव बादल विख्खे नकली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “इसमें शामिल व्यक्ति बादल परिवार के करीबी था और राजनीतिक संबंधों के कारण उसे बचाया गया था। अकाली राज के दौरान ऐसी वीडियो भी सामने आई थीं जिनमें कथित तौर पर प्राइवेट बसों का इस्तेमाल शराब की ढुलाई के लिए होता दिखाया गया था। पंजाब के लोग यह नहीं भूले हैं कि उन सालों के दौरान यह कारोबार कैसे चलता था।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वीडियो चलाते हुए बलतेज पन्नू ने सवाल किया कि शिरोमणि अकाली दल पंथक मूल्यों की नुमाइंदगी करने का दावा कैसे कर सकता है जबकि इसकी लीडरशिप कथित तौर पर एक कारोबारी से मुफ्त शराब मांगती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “जो पार्टी श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का हवाला देती है और पंथक मूल्यों के नाम पर वोट मांगती है, उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी लीडरशिप एक कारोबारी को मुफ्त शराब सप्लाई करने के लिए क्यों कह रही थी। कारोबारी खुद कहता है कि वह 2002 से शराब सप्लाई कर रहा है। सुखबीर सिंह बादल को लोगों को बताना चाहिए कि यह सौदेबाजी क्या थी। क्या वोटरों को उनके समर्थन के बदले शराब दी जा रही थी? लोग जवाब मांगते हैं।”

बलतेज पन्नू ने कहा कि इस वीडियो ने अकाली लीडरशिप और शराब व्यापारियों के आपसी संबंधों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से जनता के तौर पर स्पष्टीकरण की मांग की।

बलतेज पन्नू ने 2015 की बेअदबी की घटनाओं और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रही सिख संगत के विरुद्ध की गई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी अकाली लीडरशिप पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “सिख कौम के रोष को शांत करने के बजाय, तत्कालीन अकाली सरकार ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे श्रद्धालुओं पर गंदे नाले के पानी की बौछारें, आंसू गैस, लाठीचार्ज और गोलीबारी करवाई। सिख कौम इंसाफ मांग रही थी, पर सरकार ने ताकत से जवाब दिया। अकाली बार-बार खुद को पंथ के रक्षक के रूप में पेश करके इस इतिहास को नहीं मिटा सकते।”

अपने हमले की समाप्ति करते हुए बलतेज पन्नू ने जोर देकर कहा, “एक तरफ वे पंथक पार्टी होने का दावा करते हैं, और दूसरी तरफ उनकी अपनी लीडरशिप शराब व्यापारियों से मुफ्त सप्लाई मांगती दिखाई देती है। यह सिर्फ दोहरा मापदंड नहीं है; यह अकाली लीडरशिप के कई चेहरों को बेनकाब करता है। पंजाब के लोग जानते हैं कि नशों के संकट वक्त किसका राज था, किसने माफिया को बढ़ने-फूलने दिया और जब सिख कौम ने इंसाफ मांगा तो किसने उसे निराश किया।”

बलतेज पन्नू ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल को राजनीतिक मुहिमों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश करने के बजाय इन सवालों के जवाब देने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब भ्रष्टाचार, माफिया राज और अपनी नौजवानी व संस्थाओं को पहुंचाए गए नुकसान के उस दशक को कभी नहीं भूलेगा।

अहम घटनाक्रम

  • बलतेज पन्नू ने सुखबीर सिंह बादल का एक वीडियो जारी किया
  • वीडियो में सुखबीर बादल एक कारोबारी से मुफ्त शराब मांगते नजर आ रहे हैं
  • पन्नू ने अकाली सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और माफिया राज के आरोप लगाए
  • उन्होंने 2015 की बेअदबी की घटनाओं और पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए