कनाडा में भारतीय छात्रों के स्टडी परमिट एक दशक के निचले स्तर पर पहुंचे
इमिग्रेशन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस साल सितंबर तक सिर्फ 51,900 भारतीय छात्रों को कनाडा के स्टडी परमिट मिले हैं। अगर यह रुझान जारी रहा तो यह पिछले दस सालों में भारतीयों के लिए सबसे कम सालाना गिनती होगी।

कनाडा के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों के स्टडी परमिटों की संख्या एक दशक में सबसे निचले स्तर पर पहुंचने के आसार हैं। इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (आईआरसीसी) के ताजा आंकड़ों मुताबिक इस साल सितंबर के अंत तक कुल 2,63,340 स्टडी परमिट धारकों में से सिर्फ 51,900 भारतीय हैं।
अगर साल की आखिरी तिमाही में भी यही रुझान रहा तो यह 2017 के बाद का सबसे कम सालाना आंकड़ा साबित होगा। इससे पहले साल 2016 के दौरान कुल 2,64,270 स्टडी परमिटों में से 52,620 भारतीयों के पास थे।
टोरंटो स्थित वांटेज इमिग्रेशन लॉ के प्रमुख वकील राघव जैन के अनुसार 2017 में भारतीय छात्रों को 82,935 स्टडी परमिट जारी किए गए थे और महामारी के दौरान 2020 में भी यह गिनती 80,870 थी। उन्होंने कहा कि स्टडी परमिटों में आई यह बड़ी गिरावट कनाडा की सख्त नीतियों और विदेशी छात्रों के लिए इसके घटते आकर्षण को साफ दर्शाती है।
भारतीय छात्रों की आमद 2023 में शिखर पर थी, जब कुल 6,80,620 में से 2,77,135 परमिट भारतीयों को मिले थे। अगले साल 2024 में यह गिनती घटकर 1,88,110 रह गई और पिछले साल कुल 3,80,175 में से सिर्फ 93,660 भारतीयों को स्टडी परमिट मिले थे।
राघव जैन ने बताया कि वीजा अर्जियां रद्द होने की ऊंची दर इस गिरावट का बड़ा कारण है। छात्रों द्वारा पूरी शैक्षणिक और करियर योजना पेश किए जाने के बावजूद अधिकारी यह सवाल खड़ा करके अर्जियां रद्द कर रहे हैं कि क्या भारत में मौजूद शैक्षणिक विकल्पों के मुकाबले कनाडा में पढ़ाई का खर्च जायज है।
इसके अलावा कनाडा ने स्टडी परमिटों पर सीमा लाते हुए हर साल सिर्फ 1,50,000 विद्यार्थियों को लाने का लक्ष्य रखा है। साथ ही रहने-सहने के खर्चे की शर्त 10,000 कनाडाई डॉलर से बढ़ाकर 23,448 डॉलर कर दी गई है और पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट के नियमों में भी भाषा व विषयों संबंधी नई सख्तियां लागू की गई हैं।
अहम घटनाक्रम
- 2026 में सितंबर तक सिर्फ 51,900 भारतीयों को मिले कनाडा के स्टडी परमिट
- साल 2023 में 2.77 लाख परमिटों के मुकाबले गिनती में आई भारी गिरावट
- कनाडा द्वारा हर साल नए विद्यार्थियों की आमद 1.5 लाख तक सीमित करने का लक्ष्य
- लिविंग एक्सपेंस फंड की शर्त 10,000 से बढ़ाकर 23,448 कनाडाई डॉलर की गई
- पोस्ट-ग्रेजुएशन वर्क परमिट लेने की शर्तें भी की गईं सख्त



