LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

दोराहा के पास पराली के धुएं से टकराए वाहन, खेत में आग से झुलसने से महिला की मौत

लुधियाना के दोराहा के पास पराली के धुएं के कारण हुए सड़क हादसे के बाद आग लगे खेत में गिरने से एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

दोराहा के पास पराली के धुएं से टकराए वाहन, खेत में आग से झुलसने से महिला की मौत
Punjab Television

लुधियाना जिले के दोराहा कस्बे के पास स्थित गांव जैपुरा के पास पराली के धुएं के कारण हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में दो मोटरसाइकिलों और एक कार के बीच टक्कर हुई, जिसके दौरान तीन अन्य लोग घायल हो गए।

मृतका की पहचान शाहपुर गांव की रहने वाली 45 वर्षीय मनजीत कौर के रूप में हुई है। हादसे में उनके पति नगेंदर सिंह भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए लुधियाना के अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक खेत में पराली को लगी आग का घना धुआं पास की सड़क पर फैल गया था, जिससे दिखना बंद हो गया। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई और बाद में वे एक कार से भी टकरा गए।

टक्कर इतनी तेज थी कि नगेंदर सिंह और उनकी पत्नी मनजीत कौर पास के जल रहे खेत में जा गिरे। आग की चपेट में आने के कारण मनजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगेंदर सिंह बुरी तरह झुलस गए।

दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार पायल निवासी जसपाल सिंह और उनकी पत्नी सुरिंदर कौर भी हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें दोराहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पायल के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि पराली के धुएं के कारण रास्ता न दिखने की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि जिस खेत में पराली को आग लगाई गई थी, उसके मालिक गुरदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

अहम घटनाक्रम

  • दोराहा के गांव जैपुरा के पास पराली के धुएं के कारण दो मोटरसाइकिल व कार आपस में टकराए
  • टक्कर के बाद आग लगे खेत में गिरने के कारण मनजीत कौर की मौत
  • हादसे में मृतिका के पति समेत तीन अन्य व्यक्ति घायल
  • पुलिस द्वारा खेत मालिक गुरदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू