LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
पंजाब

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पीसीएस भर्ती प्रक्रिया पर लगाई रोक

पंजाब लोक सेवा आयोग द्वारा कराई गई पीसीएस परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद हाईकोर्ट ने भर्ती पर अंतरिम रोक लगा दी है।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पीसीएस भर्ती प्रक्रिया पर लगाई रोक
Punjab Television

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) द्वारा पीसीएस एवं संबंधित सेवाओं के लिए की जा रही भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। परीक्षा के दौरान गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर दायर की गई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए जस्टिस संदीप मौदगिल की बेंच ने ये आदेश जारी किए।

एक याचिकाकर्ता की ओर से पेश हुए सीनियर वकील चेतन मित्तल ने हाईकोर्ट द्वारा भर्ती प्रक्रिया रोके जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अदालत के विस्तृत आदेशों का अभी इंतजार किया जा रहा है। याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा संचालन की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है और योग्यता शर्तों में बदलाव पर भी ऐतराज़ जताया है।

पीपीएससी ने 322 पदों के लिए जनवरी 2025 में विज्ञापन जारी किया था। अप्रैल 2026 में मुख्य परीक्षा ली गई थी और 4 नवंबर को परिणाम घोषित करके 751 उम्मीदवारों को अगले दौर के लिए चुना गया था।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन करके कई उम्मीदवारों को अनुचित लाभ दिया गया। याचिकाओं में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों में लगभग तीन घंटे वीडियोग्राफ्री बंद रही और प्रश्न पत्र भी बिना सील किए पहुंचे थे। इसके अलावा उन मूल्यांकनकर्ताओं से पेपर चेक करवाने के आरोप भी लगाए गए हैं जिनकी नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट पहले रद्द कर चुका था।

याचिकाओं के मुताबिक परिणामों में लगातार रोल नंबर वाले 86 उम्मीदवारों के 26 ग्रुप शॉर्टलिस्ट हुए हैं। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में अलग-अलग रोल नंबर दिए जाने और वर्गवार परिणाम न निकाले जाने पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। साथ ही पंजाबी भाषा की योग्यता शर्त में बाद में बदलाव करने और अधिक उम्र वाले उम्मीदवारों को शामिल करने के आरोप भी लगे हैं।

इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार अदालत का सम्मान करती है और अगली सुनवाई के मौके पर हाईकोर्ट के समक्ष अपना पूरा पक्ष पेश करेगी।

दूसरी ओर शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस मामले की सीबीआई जांच करवाने और पीपीएससी के चेयरमैन समेत अन्य सदस्यों के इस्तीफे की मांग की है।

अहम घटनाक्रम

  • पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पीसीएस भर्ती की प्रक्रिया पर रोक लगाई।
  • याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा में अनियमितताओं का आरोप लगाकर सीबीआई जांच की मांग की।
  • कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार अगली सुनवाई पर पूरा पक्ष रखेगी।
  • अकाली दल ने पीपीएससी चेयरमैन के इस्तीफे और सीबीआई जांच की मांग उठाई।