पंजाब में धान की खरीद आज से बंद, आवक 193 लाख टन से ज्यादा
पंजाब की मंडियों में धान की आवक केंद्र के तय लक्ष्य से अधिक होने के कारण खाद्य एवं सिविल आपूर्ति विभाग ने सोमवार से खरीद बंद करने का फैसला किया है।

पंजाब सरकार के खाद्य एवं सिविल आपूर्ति विभाग ने सोमवार से राज्य में धान की सरकारी खरीद बंद करने का फैसला किया है। राज्य की मंडियों में धान की कुल आवक 193 लाख टन से पार हो चुकी है।
केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने इस सीजन के लिए 180 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन मंडियों में फसल की आवक इस तय लक्ष्य से सात फीसदी से भी अधिक हो चुकी है।
खाद्य एवं सिविल आपूर्ति विभाग के निदेशक वरिंदर शर्मा ने बताया कि 19 जिलों में मंडियां पहले ही बंद कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि बठिंडा, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब और बरनाला में कुछ आवक दर्ज हो रही है, जो एक दिन में निबट जाएगी। खरीद बंद करने के बारे में औपचारिक नोटिफिकेशन सोमवार को जारी होगा।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार तक सरकारी एजेंसियां 189.8 लाख टन धान खरीद चुकी हैं, जबकि निजी व्यापारियों ने 1.7 लाख टन की खरीद की है। किसानों को मंजूरशुदा कैश क्रेडिट लिमिट में से अब तक 45,998 करोड़ रुपये की अदायगी की जा चुकी है।
कृषि विभाग के अनुसार इस बार अनुकूल मौसम के कारण धान के झाड़ में लगभग 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में गैर-बासमती धान का कुल उत्पादन 220 लाख टन से अधिक होने का अनुमान है।
पंजाब सरकार ने खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को लगभग दस दिन पहले पत्र लिखा था, लेकिन केंद्र की तरफ से अभी तक अतिरिक्त खरीद की मंजूरी नहीं दी गई है।
अहम घटनाक्रम
- राज्य में धान की कुल आवक 193 लाख टन से ज्यादा
- केंद्र की तरफ से तय 180 लाख टन का लक्ष्य 7 फीसदी पार
- 19 जिलों में खरीद कार्य पूरे, चार जिलों में हिसाब-किताब जारी
- खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के बारे में केंद्र की तरफ से अभी कोई जवाब नहीं आया



