अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मिली
अमृतपाल सिंह को उनकी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत ने एक दिन की अंतरिम जमानत दी है। उनके चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और सुखमनदीप को दो दिन की अंतरिम जमानत मिली है।

खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह अब अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे। अदालत ने उन्हें इस मकसद के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की है। वह 14 नवंबर को होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
इस मामले में अदालत ने अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन और सुखमनदीप को दो दिन की अंतरिम जमानत भी दी है। यह राहत माता चरण कौर के अंतिम संस्कार, फूल चुगने और अखंड पाठ साहिब के भोग समागमों में शामिल होने के लिए दी गई है।
बता दें कि अमृतपाल सिंह की 84 साल की दादी माता चरण कौर का लंबी बीमारी के बाद 8 नवंबर को निधन हो गया था। परिवार की ओर से ऐलान किया गया था कि जब तक अमृतपाल सिंह को जमानत नहीं मिलती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
अमृतपाल सिंह के वकीलों ने मानवीय आधार पर अमृतसर की अदालत में अंतरिम जमानत के लिए अर्जी दायर की थी। वकीलों की ओर से 14 से 17 नवंबर तक अंतिम संस्कार, अस्थियां जल प्रवाह करने और अखंड पाठ साहिब के भोग समागमों में शामिल होने के लिए राहत की मांग की गई थी। हालांकि, अदालत ने अमृतपाल सिंह को सिर्फ एक दिन के लिए अंतरिम जमानत देने की मंजूरी दी है।
अहम घटनाक्रम
- अमृतपाल सिंह को एक दिन की अंतरिम जमानत मिली
- चाचा हरजीत सिंह को तीन दिन की जमानत
- सुखमनदीप को दो दिन की जमानत
- 14 नवंबर को होगा अंतिम संस्कार



-800x535.webp)