LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 28 नवंबर 2026
ब्रेकिंगदिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में झूमीं करिश्मा कपूर और सानिया मल्होत्रा
प्रवासी

कनाडा की सुप्रीम कोर्ट द्वारा क्यूबेक का बिल 21 बरकरार, सिख संगठन ने की निंदा

कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक के बिल 21 को जायज ठहराया है, जिसके कारण दस्तारधारी सिखों और अन्य धार्मिक चिह्न पहनने वालों पर सरकारी नौकरियों संबंधी पाबंदी जारी रहेगी।

कनाडा की सुप्रीम कोर्ट द्वारा क्यूबेक का बिल 21 बरकरार, सिख संगठन ने की निंदा
Punjab Television

कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक सूबे के विवादित कानून बिल 21 को बरकरार रखने का फैसला सुनाया है। इस फैसले से दस्तारधारी सिखों, हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं और अन्य धार्मिक चिह्न धारण करने वाले लोगों पर कई सरकारी पदों पर काम करने की पाबंदी जारी रहेगी।

सुप्रीम कोर्ट ने कानून के खिलाफ डाली गई सभी अपीलों को खारिज कर दिया, जिनमें वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ऑफ कनाडा (डब्लूएसओ) और अमृत कौर द्वारा दायर याचिका भी शामिल थी। अदालत ने क्यूबेक सरकार द्वारा 'नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज' के इस्तेमाल को जायज माना और इस कानून को चार्टर अधिकारों का उल्लंघन करार देने से इंकार कर दिया। हालांकि अदालत ने क्यूबेक की अपील भी रद्द कर दी, जिससे प्रांतीय विधानसभा सदस्यों के लिए चेहरा ढकने की शर्त असरहीन रहेगी।

याचिकाकर्ता अमृत कौर ने जिस दिन अध्यापक के रूप में प्रशिक्षण पूरा किया था, उसी दिन यह कानून लागू हो गया था। दस्तार सजाने के कारण उन्हें क्यूबेक के सरकारी स्कूल में पढ़ाने से रोक दिया गया था, जिसके बाद उन्हें अपना परिवार छोड़कर ब्रिटिश कोलंबिया जाकर काम करना पड़ा।

डब्लूएसओ के प्रधान दानिश सिंह ने इस फैसले की निंदा करते हुए कहा कि इससे सिख समुदाय को ठेस पहुंची है और धार्मिक पहचान के कारण लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक सर्वेक्षण के मुताबिक क्यूबेक में फ्रेंच बोलने वाले 10 में से करीब 9 सिखों ने नफरत का सामना करने की बात कही है।

दानिश सिंह ने चेतावनी दी कि प्राइमरी स्कूलों के बच्चों पर भी धार्मिक चिह्नों की पाबंदियों बढ़ाने के प्रस्तावों से अल्पसंख्यकों को और नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि यदि क्यूबेक बच्चों पर ऐसी रोक लगाता है तो फेडरल सरकार अपनी संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल करके उस कानून को रद्द करे।

उन्होंने 1914 के कामागाटामारू कांड का जिक्र करते हुए कहा कि बिल 21 को भी एक गंभीर नाइंसाफी के रूप में याद रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था इस कानून के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

अहम घटनाक्रम

  • कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक के बिल 21 के विरुद्ध डाली अपीलों खारिज कीं
  • सरकारी पदों पर दस्तार और हिजाब जैसे धार्मिक चिह्नों पर पाबंदी बरकरार रहेगी
  • वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ने फैसले को समुदाय के साथ नाइंसाफी बताया