चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तारीखों का ऐलान, 23 दिसंबर को होगी वोटिंग
चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को वोटिंग होगी, जबकि 26 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावों में 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और शहर में आचार संहिता लागू हो गई है।

चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने जा रही है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से 35 वार्डों के लिए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। ऐलान के मुताबिक 23 दिसंबर को वोट पड़ेंगे, जबकि 26 दिसंबर को वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावों के ऐलान के साथ ही शहर में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
चंडीगढ़ के इलेक्शन कमिश्नर विजय देव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इन चुनावों में कुल 4 लाख 60 हजार 209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनावों के लिए शहर में 76 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे और सभी वोटिंग केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके।
चुनाव आयोग की ओर से नामांकन प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। इसके मुताबिक 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 7 दिसंबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव प्रचार को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम चुनाव से संबंधित एक ऐप भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके जरिए मतदाताओं को पोलिंग स्टेशनों पर लाइव वेटिंग टाइम की जानकारी मिल सकेगी।
बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं और पार्षदों का चुनाव पांच साल के लिए किया जाता है। हालांकि मेयर का चुनाव हर साल होता है, जिसमें चुने हुए पार्षद अपना मेयर चुनते हैं। नगर निगम के पिछले चुनाव दिसंबर 2021 में हुए थे और अब मौजूदा कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।
अहम घटनाक्रम
- चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को होगी वोटिंग
- 26 दिसंबर को होगी वोटों की गिनती और नतीजों का ऐलान
- शहर में चुनाव आचार संहिता हुई लागू, कुल 4,60,209 मतदाता डालेंगे वोट
- 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक दाखिल किए जा सकेंगे नामांकन पत्र



