LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 14 नवंबर 2026
पंजाब

दिल्ली प्रदूषण पर पंजाब को बदनाम करने के लिए भगवंत मान ने भाजपा को घेरा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर दिल्ली के प्रदूषण की आड़ में पंजाब की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए हरियाणा, उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

Bhagwant Mann
फ़ाइल फ़ोटो Press Information Bureau / Wikimedia Commons, GODL-India

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में बिगड़ती हवा की गुणवत्ता के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अपने राजनीतिक हमले और तेज कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पार्टियां दिल्ली के धुएं को पंजाब के अंदर पराली जलाने से जोड़कर राज्य को बदनाम करने की साजिश रच रही हैं।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि पंजाब और राष्ट्रीय राजधानी के बीच स्थित हरियाणा को कोई जवाबदेह क्यों नहीं बना रहा, जहां खुद धान की बड़े पैमाने पर खेती होती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आसपास उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद जैसे इलाकों में भी धान लगता है, फिर सिर्फ पंजाब को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है।

हवा के रुख का हवाला देते हुए भगवंत मान ने बताया कि उत्तर-पश्चिम की ओर से यदि सौ किलोमीटर प्रति घंटा तेज झक्कड़ भी झूले, तो भी यहां से उठा गुबार दिल्ली पहुंचने में कम से कम तीन दिन ले लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमतौर पर हवाओं का बहाव इस दिशा में नहीं होता, इसलिए पंजाब सिर दोष मढ़ना वैज्ञानिक तौर पर भी गलत है।

पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ द्वारा लाहौर के धुंध-गुबार के लिए भारतीय पंजाब की पराली को जिम्मेदार ठहराने वाले बयानों पर तंज कसते हुए मान ने पूछा कि क्या हमारा धुआं सरहद पार भी पहुंच रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि लाहौर क्षेत्र में भी धान की खेती होती है।

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अंदर फसल की कटाई अभी शुरू भी नहीं हुई थी कि उन्होंने पंजाब के धुएं के बारे में शोर मचाना शुरू कर दिया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मसला सिर्फ एक राज्य का नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत का है, जिसका हल निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी संबंधित राज्यों की साझा बैठक बुलानी चाहिए।

धान की खरीद के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में इस बार बंपर पैदावार हुई है। राज्य सरकार ने 180 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य पूरा कर लिया है और यह खरीद 200 लाख मीट्रिक टन से पार जाने की उम्मीद है। उन्होंने भरोसा दिया कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।

अहम घटनाक्रम

  • मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदूषण के मामले पर पंजाब को निशाना बनाने पर भाजपा को आड़े हाथों लिया।
  • हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खेती का हवाला देकर केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
  • लाहौर प्रदूषण के बारे में पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों को गैर-तर्कसंगत करार दिया।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समूचे उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की साझा बैठक बुलाने की अपील की।