LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शनिवार, 21 नवंबर 2026
मौसम

पंजाब में तीन दिन घने कोहरे का अलर्ट, रात के तापमान में गिरावट की संभावना

मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 22 नवंबर तक घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

पंजाब में तीन दिन घने कोहरे का अलर्ट, रात के तापमान में गिरावट की संभावना
Punjab Television

मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में आज से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह और रात के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो सकती है, जिसका असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ने की आशंका है।

विभाग के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और अमृतसर में कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहेगा। 21 नवंबर को इसका दायरा और बढ़ेगा और मोहाली, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों में भी घना कोहरा पड़ सकता है। यह स्थिति 22 नवंबर को भी बनी रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 नवंबर से स्थिति सुधरने की उम्मीद है और 23 से 25 नवंबर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण अगले दो दिनों के दौरान तापमान और नीचे गिर सकता है। हालांकि 22 और 23 नवंबर से पूर्वी हवाएं शुरू होने से पारे के गिरने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

राज्य में न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है और कई शहरों में पारा सिंगल डिजिट में आ गया है। फरीदकोट में सबसे कम 7.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 10.4 डिग्री रहा। लुधियाना में न्यूनतम पारा 8.2 डिग्री, पटियाला में 9.3 और अमृतसर में 9.8 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों के दौरान कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हो रहा है। इस कारण बारिश होने की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।

अहम घटनाक्रम

  • पंजाब और चंडीगढ़ में 20 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी
  • माझा, दोआबा और मालवा के कई जिलों में विजिबिलिटी घटने से यातायात प्रभावित होने की आशंका
  • फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री तक गिरा
  • अगले हफ्ते के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, बारिश के कोई आसार नहीं