पंजाब में मई 2027 तक शुरू होगी पोटाश की खोज: मंत्री बरिंदर कुमार गोयल
पंजाब के खान और भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि केंद्र सरकार ने फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिलों में पोटाश की तलाश के लिए 35 बोरहोल को मंजूरी दी है।

पंजाब में अप्रैल के आखिर या मई 2027 के पहले हफ्ते तक पोटाश की खोज का काम शुरू होने की संभावना है। पंजाब के खान और भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिलों में 35 बोरहोल को मंजूरी दी है। इसके अलावा पंजाब सरकार अपने स्तर पर 5 और बोरहोल करेगी, जिससे चल रहे कार्यक्रम के तहत कुल संख्या 40 हो जाएगी।
बरिंदर कुमार गोयल मुताबिक केंद्र की ओर से मंजूर किए गए बोरहोलों में से 20 की ड्रिलिंग भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) और 15 की ड्रिलिंग मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) कर रही है। कुछ बोरहोल पूरे हो चुके हैं और बाकी पर काम जारी है। चल रही ड्रिलिंग की रिपोर्ट फरवरी 2027 तक आने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब में पोटाश के भंडार पहली बार 1989 में मिले थे, लेकिन पिछली सरकारों की ओर से लगातार खोज नहीं की गई। भारत पोटाश के लिए पूरी तरह आयात पर निर्भर है और इस खोज से देश की निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि मोहाली में पोटाश और भारी धातुओं की जांच के लिए एक विशेष प्रयोगशाला भी बनाई जा रही है।
गोवा में 5 और 6 नवंबर को हुई राष्ट्रीय खनन मंत्रियों की कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए गोयल ने बताया कि केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने वरिष्ठ अधिकारियों को पंजाब के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। राज्य ने पातरेवाला, खिप्पांवाली, खुरंज और बदीयां के ब्लॉकों के लिए राष्ट्रीय खनिज खोज ट्रस्ट की मंजूरी मांगी है और राजपुरा, गिदड़्रांवाली व शेरगढ़ में जी-3 से जी-1 स्तर के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की अनुरोध किया है।
गोयल ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 के माइनिंग सुधार मूल्यांकन में पंजाब ने पहला स्थान हासिल करके 200 करोड़ रुपए का इनाम प्राप्त किया है। जमीनी मंजूरियों और खोज कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव की अगुवाई में एक राज्य स्तरीय तालमेल कमेटी और साझा वर्किंग ग्रुप बनाया गया है।
अहम घटनाक्रम
- केंद्र सरकार ने फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब में पोटाश खोज के लिए 35 बोरहोल को मंजूरी दी
- पंजाब सरकार 5 और बोरहोल करेगी, जिससे कुल संख्या 40 होगी
- ड्रिलिंग की रिपोर्ट फरवरी 2027 तक आएगी और मई 2027 तक खोज शुरू होने की संभावना है
- मोहाली में पोटाश और भारी धातुओं की जांच के लिए प्रयोगशाला स्थापित की जा रही है



