भाजपा-अकाली दल का 'ठग जोड़' पंजाब विरोधी गठबंधन: हरपाल चीमा
आम आदमी पार्टी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन को 'ठग जोड़' करार दिया है। हरपाल सिंह चीमा और बलतेज पन्नू ने पंजाब, किसानों और सिख भावनाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के बीच हुए राजनीतिक गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को दोनों पार्टियों पर तीखा हमला बोला और इसे एक नापाक और अवसरवादी 'ठग जोड़' करार दिया। 'आप' ने कहा कि पंजाब के लोग 2007 से 2017 तक अकाली-भाजपा के काले दशक के दौरान किसानों, नौजवानों और सिख भावनाओं के साथ हुए विश्वासघात को नहीं भूले हैं और उन दिनों को वापस लाने की किसी भी कोशिश को खारिज कर देंगे।
इस संबंध में 'आप' के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "भाजपा और अकाली दल ने एक बार फिर पंजाब या इसके लोगों के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए हाथ मिलाया है। यह दो ऐसी पार्टियों के बीच नापाक 'ठग जोड़' है, जिनका रिकॉर्ड पंजाब के साथ धोखा करने का रहा है। पंजाब के लोग यह नहीं भूले कि इन पार्टियों ने 2007 से 2017 तक अपने दस साल के राज के दौरान क्या किया था।"
उन्होंने कहा, "जब भाजपा तीन काले कृषि कानून लेकर आई थी, तो अकाली दल उसकी साझीदार पार्टी थी और गठबंधन से अलग होने से पहले सरकार का हिस्सा बनी रही। ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान 750 से अधिक किसानों ने अपनी जानें कुर्बान कीं। पंजाब के लोग इन पार्टियों द्वारा निभाई गई भूमिका को नहीं भूले हैं, और अकाली दल भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन करके अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकता।"
वरिष्ठ 'आप' नेता ने आगे कहा, "अकाली-भाजपा के दस साल के राज ने पंजाब को गहरे संकट में धकेल दिया। 'चिट्टे' जैसे नशे सूबे भर में फैल गए और पंजाब की पूरी नौजवान पीढ़ी को तबाह कर दिया। इन दोनों पार्टियों ने पंजाब के भविष्य को बर्बाद करने की हर कोशिश की। आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में लोग बदलाव देख रहे हैं। हमारी सरकार नशों के विरुद्ध अपनी लगातार मुहिम के जरिए नशों के कहर के खिलाफ फैसलाकुन कार्रवाई कर रही है।"
बेअदबी की घटनाओं का जिक्र करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "पंजाब के लोग 2015 की बरगाड़ी और बहबल कलां की घटनाओं को नहीं भूले हैं जो अकाली-भाजपा शासन के दौरान घटी थीं। न ही वे 1986 की घटनाओं सहित अपनी धार्मिक भावनाओं पर हुए बार-बार हमलों को भूले हैं। यह ऐसे जख्म हैं जिन्हें पंजाब की यादों में से मिटाया नहीं जा सकता। भाजपा, जो हर किसी को भ्रष्टाचार पर भाषण देती है, को इलेक्टोरल बांड और राजनीतिक चंदे से जुड़े सवालों के जवाब भी देने पड़ेंगे। दोनों पार्टियों ने बार-बार पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचाया है।"
उन्होंने जोर देकर कहा, "यह नया गठबंधन एक सिद्धांतहीन और पंजाब विरोधी समझौता है। पंजाब के लोग पहले ही इन पार्टियों के राज में दस साल संताप भोग चुके हैं। वे कभी भी इनकी सत्ता में वापसी को स्वीकार नहीं करेंगे। पंजाबी इस नापाक 'ठग जोड़' को मिसालकीय राजनीतिक हार देंगे।"
इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए 'आप' पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा, "भाजपा-अकाली दल का गठबंधन कई गंभीर सवाल खड़े करता है, जिनका जवाब हर पंजाबी जानने का हकदार है। यह सिद्धांतों या जन भलाई पर आधारित राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यह एक 'ठग जोड़' है। सुखबीर सिंह बादल को पंजाब के लोगों को बताना चाहिए कि भाजपा के साथ क्या समझौता हुआ है और इस गठबंधन के बदले पंजाब को क्या कीमत चुकानी पड़ी है।"
सिख धार्मिक संस्थाओं के बारे में भाजपा के रुख पर सवाल उठाते हुए 'आप' पंजाब के मीडिया इंचार्ज ने कहा, "सुखबीर सिंह बादल को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या भाजपा अलग हरियाणा, पटना साहिब और हजूर साहिब सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के मुद्दों को हल करने के लिए सहमत हो गई है, जिन्हें अकाली दल बार-बार उठाता रहा है? क्या ये कमेटियां अब एसजीपीसी के अधीन लाई जाएंगी? क्या अकाली लीडरशिप द्वारा की गई मांगें और भरोसे पूरे किए गए हैं? क्या इस राजनीतिक समझौते के हिस्से के रूप में बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा भी हल कर लिया गया है? पंजाबियों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि बंद दरवाजों के पीछे क्या सौदेबाजी हुई है।"
पंजाब के अधिकारों से जुड़े सवाल उठाते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "क्या भाजपा ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड, चंडीगढ़ के रुतबे, चंडीगढ़ में अलग विधानसभा की इमारत की मांग और पंजाब यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर कोई भरोसा दिया है? क्या भाजपा इन मुद्दों पर पंजाब के हितों की रक्षा करने के लिए सहमत हुई है, या अकाली दल ने सिर्फ राजनीतिक गठबंधन बचाने के लिए इनके साथ समझौता कर लिया है? पंजाब की झांकियों को बार-बार खारिज किया गया है। जो पार्टी पंजाब की पहचान और मान के लिए खड़ी नहीं हो सकती, वह इसके लोगों की भलाई के लिए काम करने का दावा नहीं कर सकती।"
किसान आंदोलन को याद करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "जब पंजाब के किसान तीन काले कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए दिल्ली की तरफ बढ़े, तो भाजपा सरकार ने बैरिकेड लगाए, सड़कों पर कील गाड़े, हाईवे बंद किए और उन्हें हर तरह की तकलीफ दी। इस आंदोलन के दौरान 750 से अधिक किसानों ने अपनी जानें गंवाईं। अकाली दल ने दावा किया था कि किसानों के हित ही भाजपा गठबंधन छोड़ने का कारण थे। अब सुखबीर सिंह बादल को लोगों को बताना चाहिए कि तब से लेकर अब तक उनकी पार्टी ने उन किसानों के परिवारों के लिए क्या किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "इसके विपरीत, भगवंत मान सरकार ने किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों के परिवारों को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और सरकारी नौकरियां दी हैं। यही फर्क है सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी करने और किसानों के साथ मजबूती से खड़े होने में।"
यह सवाल करते हुए कि क्या यह गठबंधन पिछले शासन के नशा तस्करी के नेटवर्कों को दोबारा सुरंजित करेगा, बलतेज पन्नू ने कहा, "क्या इस नए गठबंधन का मतलब वही नशा माफिया और 'चिट्टे' के नेटवर्कों की वापसी है जो अकाली-भाजपा सरकार के दौरान बढ़े-फूले थे? लोगों को अभी भी याद है कि 2007 से 2017 के दरम्यान पंजाब में नशा कैसे फैला, कैसे नौजवानों की पूरी पीढ़ी नशे की दलदल में फंस गई और कैसे नशे के व्यापार को सुगम बनाने के लिए लाल बत्ती वाली गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। जब पंजाब की जवानी बर्बाद हो रही थी तो भाजपा लीडरशिप चुप रही। आज दोनों पार्टियां चाहती हैं कि लोग उस इतिहास को भूल जाएं।"
2015 की बेअदबी की घटनाओं और उसके बाद हुए रोष प्रदर्शनों का हवाला देते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "पंजाब के लोग 2015 की बेअदबी की घटनाओं या उसके बाद हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को नहीं भूले हैं। उन्हें बहबल कलां और अन्य जगहों पर हुई बेरहम पुलिस कार्रवाई, पानी की बौछारें, लाठीचार्ज, आंसू गैस और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी याद है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। उन्हें यह भी याद है कि जांच को कैसे प्रभावित किया गया और कैसे सीबीआई ने बाद में इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की। यह ऐसे सवाल हैं जिनसे अकाली लीडरशिप बच नहीं सकती।"
अकाली दल (बादल) की लीडरशिप पर सीधा निशाना साधते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "सुखबीर सिंह बादल को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह गठबंधन एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) पर उनके राजनीतिक नियंत्रण को बचाने और इस महत्वपूर्ण धार्मिक संस्था पर उनके प्रभाव को कमजोर होने से रोकने के लिए किया गया है? क्या एक बार फिर सिख संस्थाओं और पंजाब के हितों को कुछ व्यक्तियों की राजनीतिक इच्छाओं के नीचे रखा जा रहा है? लोग स्पष्ट जवाब चाहते हैं।"
भाजपा-अकाली दल गठबंधन की तुलना 'आप' सरकार की लोक-पक्षीय पहुंच से करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "आम आदमी पार्टी को उन पार्टियों के साथ गठबंधन करने की जरूरत नहीं है जो सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए इकट्ठा होती हैं। हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों के साथ है। भाजपा और अकाली दल अपनी राजनीतिक हस्ती बचाने के लिए हाथ मिला रहे हैं, जबकि 'आप' सरकार समाज के हर वर्ग का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए काम कर रही है।"
औरतों और किसानों के लिए सरकार की पहलों को उजागर करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "हमारा गठबंधन पंजाब की माताओं और बेटियों के साथ है, जिनका मान-समान, आर्थिक सुरक्षा और सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता है। हमारा गठबंधन उन किसानों के साथ है जिन्हें अब रात को खेतों में जाने की बजाए दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली मिल रही है। हमने नेहरी पानी का इस्तेमाल लगभग 22% से बढ़ाकर लगभग 88% कर दिया है, जिससे किसान भाईचारे को बड़ी राहत मिली है।"
रोजगार के बारे में बोलते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "हमारा गठबंधन पंजाब के नौजवानों के साथ है। भगवंत मान सरकार ने बिना किसी सिफारिश, रिश्वत या राजनीतिक पक्षपात के 71,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। एक भी लाभार्थी ने आगे आकर यह नहीं कहा कि उसे सरकारी नौकरी लेने के लिए रिश्वत देनी पड़ी या राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करना पड़ा। ये नौकरियां निरोल मेरिट पर दी गई हैं।"
औद्योगिक विकास पर बोलते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "हमारा गठबंधन पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ भी है, जिन्होंने पिछले अकाली-भाजपा राज के दौरान संताप भोगा था। सिंगल-विंडो सिस्टम के जरिए हमने पंजाब में निवेश करना और कारोबार करना सुगम बनाया है। सूबे में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिसमें टाटा स्टील जैसी कंपनियों के बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। पंजाब में दोबारा औद्योगिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और रोजगार के नए मौके पैदा हो रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "हमारा गठबंधन पंजाब के आम परिवारों के साथ है। लगभग 90% घरों को जीरो बिजली बिल आ रहे हैं। परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस सेहत बीमे का लाभ मिल रहा है, जबकि मोहल्ला क्लीनिकों में मुफ्त इलाज और दवाइयां मिल रही हैं। यह खोखले राजनीतिक वादे नहीं, बल्कि आम लोगों तक पहुंच रहे ठोस लाभ हैं।"
खेलों और युवा पीढ़ी के प्रति सरकार की वचनबद्धता को उजागर करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा, "हमारी सरकार 3,100 खेल स्टेडियम बनाकर और खेल ढांचे को मजबूत करके पंजाब के बच्चों और नौजवानों के भविष्य में निवेश कर रही है। पंजाब में हाल ही में हुआ अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट और चल रही 'खेडां वतन पंजाब दीयां' सूबे भर के लोगों के जीवन में खेलों को शामिल करने की हमारी वचनबद्धता को दर्शाती हैं। इन खेल मुकाबलों में तीन पीढ़ियों के लोग हिस्सा ले रहे हैं, जो दर्शाता है कि खेल समाज को कैसे जोड़ सकते हैं।"
अपने संबोधन के अंत में बलतेज पन्नू ने कहा, "भाजपा और अकाली दल पंजाब के साथ धोखा करने के अपने रिकॉर्ड के बावजूद हाथ मिलाकर सत्ता में वापसी करने की कोशिश कर रहे हैं। लोग पहले ही इनके राज के नतीजे भुगत चुके हैं और कभी भी उन काले दिनों को वापस नहीं आने देंगे। 'आप' सरकार का गठबंधन पंजाब के किसानों, नौजवानों, औरतों, व्यापारियों और हर उस पंजाबी के साथ है जो सूबे का बेहतर भविष्य चाहता है। भाजपा-अकाली दल का 'ठग जोड़' भले ही राजनीतिक हस्ती बचाने के लिए इकट्ठा हुआ हो, लेकिन पंजाब के लोग इस अवसरवादी समझौते को खारिज कर देंगे।"
अहम घटनाक्रम
- आप ने भाजपा और अकाली दल के गठबंधन को 'ठग जोड़' करार दिया।
- हरपाल चीमा ने 2007-17 के शासन और किसान आंदोलन में 750 किसानों की मौतों का मुद्दा उठाया।
- बलतेज पन्नू ने बेअदबी, नशों और सिख संस्थाओं के मुद्दों पर अकाली दल से सवाल किए।



