LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
सोमवार, 23 नवंबर 2026
देश

भारत दौरे पर नेपाल के पीएम बालेन शाह, राष्ट्रपति भवन में हुआ शानदार स्वागत

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। दोनों के बीच व्यापार, ऊर्जा और संपर्क बढ़ाने के साथ अग्निवीर योजना के तहत नेपाली युवाओं की भर्ती का मुद्दा भी अहम रह सकता है। दोनों नेता अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा आसान होगी।

भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए आज अहम कूटनीतिक बातचीत होने जा रही है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति भवन विखेड उनका रस्मी स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक के दौरान भारत और नेपाल के संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ ऊर्जा, व्यापार और रेल व सड़क संपर्क बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

इस मुलाकात का एक खास आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक रेल सेवा का उद्घाटन भी होगा। अयोध्या को भगवान राम और जनकपुरधाम को माता सीता का जन्म स्थान माना जाता है। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा लगभग 19 घंटों में पूरी हो सकेगी।

उधर, इस दौरे के दौरान भारतीय सेना में नेपाली गोरखा युवाओं की भर्ती का मुद्दा भी अहम रहने की उम्मीद है। दरअसल, साल 2022 से भारतीय सेना में नेपाली गोरखा सैनिकों की भर्ती रुकी हुई है। इसका मुख्य कारण भारत की अग्निपथ योजना को लेकर नेपाल सरकार द्वारा जताया गया एतराज है।

नेपाल सरकार को अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की चार साल की सेवा की व्यवस्था पर एतराज था। इसी कारण नेपाली युवाओं की भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया रुक गई थी। अब बालेन शाह के भारत दौरे से इस मामले पर दोबारा सहमति बनने की उम्मीद जगी है।

अगर दोनों सरकारों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनती है तो नेपाली युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती का रास्ता फिर खुल सकता है। फिलहाल सबकी नजरें मोदी और बालेन शाह की अहम बैठक पर टिकी हुई हैं।

अहम घटनाक्रम

  • नेपाल के पीएम बालेन शाह भारत दौरे पर हैं और राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया गया
  • आज नई दिल्ली में पीएम मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी
  • अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया जाएगा
  • अग्निपथ योजना के कारण रुकी नेपाली युवाओं की सेना में भर्ती पर भी चर्चा संभव