यूएई के फुजैराह में वाहनों की जोरदार टक्कर, 3 भारतीयों सहित 14 मौतें
संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में बेकाबू ट्रक के कारण हुए बड़े सड़क हादसे में तीन भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए।

संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह शहर के पास गुरुवार देर रात हुए भयानक सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें तीन भारतीय भी शामिल हैं। इस टक्कर के दौरान 30 अन्य लोग घायल हो गए।
यूएई के गृह मंत्रालय के अनुसार यह घटना आधी रात से कुछ समय पहले फुजैराह जाने वाले रास्ते पर घटी। उस समय सड़क पर वाहन धीमी रफ्तार से चल रहे थे कि अचानक एक ट्रक चालक का अपनी गाड़ी से नियंत्रण छूट गया। ट्रक पहले आगे जा रही एक गाड़ी से टकराया, फिर पलट गया और आसपास खड़े व धीरे चल रहे अन्य वाहनों से जा भिड़ा।
टक्कर होने के बाद गाड़ियों को आग लग गई, जिसने तुरंत नजदीकी वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल 23 गाड़ियां प्रभावित हुईं, जिनमें 18 कारों के अलावा 5 ट्रक मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, सिविल डिफेंस और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव कर्मियों ने आग बुझाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दाखिल करवाए गए 30 घायलों में से करीब आधों को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी अभी भी जेरे इलाज हैं।
आग ज्यादा होने के कारण कई शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिसके चलते मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए टेस्ट करवाए जा रहे हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक जान गंवाने वालों में भारत, यूएई, ओमान, पाकिस्तान, मिस्र, जॉर्डन और ब्राजील के नागरिक शामिल हैं।
हादसे का शिकार हुए तीनों भारतीय नागरिक केरल के मलप्पुरम इलाके के एक ही परिवार से थे। इन मृतकों में मोहम्मद अस्मिल, उसकी जुड़वां बहन मिसना जुबिन और मोहम्मद फैज शामिल हैं।
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीसन ने प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश दिया है कि पीड़ित परिवार को जरूरी हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जाए।
अहम घटनाक्रम
- फुजैराह के पास बेकाबू ट्रक के कारण 23 वाहनों की आपस में हुई टक्कर
- हादसे में 14 व्यक्तियों की मौत और 30 लोग घायल
- मृतकों में केरल के एक ही परिवार से संबंधित तीन भारतीय नागरिक शामिल
- गाड़ियों को आग लगने के कारण मृतकों की पहचान के लिए करवाए जा रहे हैं डीएनए टेस्ट



