LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
पंजाब

पंजाब के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में 31 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। ‘आप’ ने पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट दिए हैं। परमिंदर सिंह गोल्डी, गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरजोबनजीत सिंह रंधावा समेत कई पुराने कार्यकर्ताओं को दूसरी सूची में टिकट मिला है। ‘आप’ के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पी.ए.सी. की मैराथन बैठक में सभी सदस्यों के साथ चर्चा करने के बाद उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। इससे पहले 31 अक्टूबर को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। अरविंद केजरीवाल ने सभी 31 उम्मीदवारों को बधाई दी है।

उधर, दिल्ली में पीएसी की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ (X) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने आने वाली 2027 की पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से घोषित किए गए सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी अपने-अपने हलकों में जनता की सच्ची आवाज बनेंगे और ‘रंगला पंजाब’ बनाने के हमारे मिशन को और मजबूत करेंगे। आम आदमी पार्टी जनता की अपनी पार्टी है और लोगों का प्यार व भरोसा ही हमारी असल ताकत है। आइए, हम सब मिलकर एक नया इतिहास रचें।

वहीं, ‘आप’ पंजाब के इंचार्ज मनीष सिसोदिया ने ‘एक्स’ पर कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से आज घोषित किए गए सभी 31 उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ यह चुनाव सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य, जनता की उम्मीदों, युवाओं के रोजगार, किसानों के सम्मान और राज्य के विकास से जुड़े सवालों की चुनाव है। पंजाब की जनता के भरोसे पर खरा उतरना और पूरी ईमानदारी व समर्पण से काम करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

दूसरी लिस्ट में शामिल 31 उम्मीदवारों के नाम: सुजानपुर — स्वर्ण एस. सलारिया, पठानकोट — रोहित सियाल, गुरदासपुर — रमन बहल, दीनानगर — शमशेर सिंह, कादियां — गुरइकबाल सिंह महल, फतेहगढ़ चूडियां — हरजोबनजीत सिंह रंधावा (जोबन रंधावा), राजा सांसी — सोनिया मान, मजीठा — तलबीर सिंह गिल, अमृतसर उत्तर — करमजीत सिंह रिंटू, पट्टी — जसवंत सिंह गिल (जस्सा पट्टी), भुलत्थ — एडवोकेट हरसिमरन सिंह, कपूरथला — दविंदर पाल सिंह रंगा, फगवाड़ा — डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, फिल्लौर — हरजोत कौर लोहटिया, शाहकोट — बलबीर सिंह पाला जलालपुर, जालंधर सेंट्रल — नितिन कोहली, जालंधर उत्तर — विनीत धीर, जालंधर कैंट — दीपक बाली, आदमपुर — पवन कुमार टीनू, मुकेरियां — सरबजोत सिंह साबी, नवांशहर — रॉबी कंग, चमकौर साहिब — जसवीर सिंह गढ़ी, खरड़ — परमिंदर सिंह गोल्डी, दाखा — डॉ. के.एन.एस. कंग, जगराओं — सरबजीत कौर माणूंके, अबोहर — डॉ. सुहानी डोडा, बल्लूआणा — अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर, लंबी — रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां, बठिंडा ग्रामीण — गोपाल सिंह, बरनाला — गुरमीत सिंह मीत हेयर, शुतराणा — वनिंदर कौर लूंबा

अहम घटनाक्रम

  • आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
  • इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी।
  • पार्टी ने पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा है।