LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
देश

सिद्धू मूसेवाला के गीत 'फैंटम' पर विवाद, माता-पिता ने जताया सख्त ऐतराज

सिद्धू मूसेवाला के गीत 'फैंटम' की रिलीज को लेकर उनके माता-पिता और सागा म्यूजिक के बीच विवाद छिड़ गया है। माता-पिता ने बिना मंजूरी गीत रिलीज करने पर ऐतराज जताया है, जबकि कंपनी ने सिद्धू के साथ हुए समझौते के तहत गीत के अधिकार होने का दावा किया है।

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गीत 'फैंटम' की रिलीज को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर ने म्यूजिक लेबल सागा म्यूजिक द्वारा गीत रिलीज किए जाने पर सख्त ऐतराज जताया है। परिवार का आरोप है कि यह गीत उनकी मंजूरी और जरूरी दस्तावेजी अधिकारों के बिना रिलीज किया गया है। माता-पिता के मुताबिक उन्होंने पहले ही म्यूजिक कंपनी को गीत की रिलीज रोकने और मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद गीत जारी कर दिया गया।

इस मामले को लेकर बलकौर सिंह और चरण कौर ने स्पष्ट किया है कि वे सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनके संगीत से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अन्य कलाकारों और म्यूजिक कंपनियों से भी अपील की है कि सिद्धू के गीत रिलीज करने या उनके संगीत से जुड़ा कोई भी ऐलान करने से पहले परिवार से संपर्क जरूर किया जाए। परिवार ने यह सारी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की है।

उधर, माता-पिता के ऐतराज के बाद अब सागा म्यूजिक ने भी अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा है कि सिद्धू मूसेवाला ने खुद 'फैंटम' गीत के लिए सागा म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। कंपनी मुताबिक इस समझौते के तहत उसे गीत से संबंधित विशेष, विश्वव्यापी और स्थायी अधिकार दिए गए थे। अपने दावे के समर्थन में कंपनी ने सिद्धू मूसेवाला के हस्ताक्षर वाले समझौते का पहला पन्ना भी साझा किया है। हालांकि, कंपनी ने पूरा समझौता सार्वजनिक करने से इंकार किया है और इसके पीछे गुप्त व्यावसायिक शर्तों और निजी जानकारी होने का हवाला दिया है।

सागा म्यूजिक ने यह भी दावा किया है कि गीत के ऑडियो अधिकारों के लिए भुगतान सीधा सिद्धू मूसेवाला को किया गया था, जबकि संगीत और वीडियो निर्माण सहित अन्य खर्चे संबंधित पेशेवरों को दिए गए थे। कंपनी के मुताबिक यह कोई ऐसा गीत नहीं है, जिसे पहली बार सामने लाया जा रहा हो, बल्कि इसका संगीत पहले से मौजूद है और अब इसे आधिकारिक ऑडियो व वीडियो रिलीज के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है। कंपनी ने यह भी कहा है कि सिद्धू मूसेवाला की एक वीडियो में वे खुद सागा म्यूजिक के जरिए इस गीत की रिलीज के बारे में बात करते नजर आते हैं।

कंपनी ने अपने बयान में सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता और परिवार के प्रति सम्मान जताते हुए कहा है कि वे किसी भी तरह सिद्धू के नाम, तस्वीर, संगीत या विरासत का दुरुपयोग नहीं कर रहे, बल्कि उनके द्वारा किए गए समझौते के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे सामने आ रहे हैं और 'फैंटम' गीत की रिलीज को लेकर विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।

अहम घटनाक्रम

  • सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने बिना मंजूरी गीत 'फैंटम' रिलीज होने पर जताया ऐतराज।
  • सागा म्यूजिक ने सिद्धू के हस्ताक्षर वाले समझौते का हवाला देते हुए अधिकार होने का किया दावा।