तिलक नगर बेअदबी मामला: श्री अकाल तख्त साहिब पहुंची शिकायत
दिल्ली के तिलक नगर गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी की घटना के बाद संगत ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से संपर्क करके कमेटी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में पावन स्वरूप के अंगों को नुकसान पहुंचाने का मामला अब श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हो गया है। स्थानीय संगत की ओर से जत्थेदार को लिखित ईमेल भेजकर आरोपियों के खिलाफ पंथक स्तर पर सख्त फैसला लेने की अपील की गई है।
अकाल तख्त साहिब को सौंपे गए शिकायत पत्र के मुताबिक 15 नवंबर की शाम को यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी थी। आरोप लगाया गया है कि गुरु-घर के ग्रंथी और तैनात कर्मचारियों ने तुरंत प्रबंधकों को सारी बात बताई थी, लेकिन प्रबंधकीय धड़े ने कोई पहलकदमी करने के बजाय मामले पर पर्दा डालने का प्रयास किया।
शिकायत में जिक्र है कि 17 नवंबर को वही संदिग्ध व्यक्ति दोबारा इमारत के पास देखा गया, जिसे सेवादारों ने पहचान कर पकड़ लिया। इल्जाम है कि प्रबंधकों ने आम लोगों को भरोसे में लिए बिना ही चोरी-छिपे पुलिस बुलाकर उसे हवाले कर दिया और संगत को इस बारे में बाद में पता लगा।
पत्र में दिल्ली कमेटी (डीएसजीएमसी) के नुमाइंदे रमिंदर सिंह और बीबी रतनजीत कौर समेत स्थानीय प्रबंधक कमेटी के पांच सदस्यों मनमोहन सिंह, प्रेम सिंह, सुखदेव सिंह लाल, सरूप सिंह व हरबीर सिंह की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में तुरंत सख्ती नहीं बरती गई तो रोष बढ़ सकता है।
बता दें कि दिल्ली पुलिस पावन अंग फाड़ने के आरोप के तहत सतनाम सिंह नामक शख्स को पहले ही हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है। इसके साथ ही निहंग सिंहों और संगत के विरोध के बाद पुलिस ने गुरुद्वारा प्रबंधकों की कार्यप्रणाली के बारे में भी रोजनामचे में एंट्री डालकर पड़ताल शुरू की है।
अदलत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।
अहम घटनाक्रम
- संगत ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से सख्त कार्रवाई की मांग की
- प्रबंधक कमेटी पर घटना को दबाने के आरोप लगाए
- दिल्ली पुलिस आरोपी सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है
- गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों के खिलाफ भी जांच जारी



