पंजाब में पराली जलाने के मामले 7,000 के पार, पिछले साल से 37 प्रतिशत अधिक
पंजाब में इस सीजन के दौरान पराली जलाने के मामले 7,000 से अधिक हो गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 37 प्रतिशत अधिक हैं। प्रशासन ने अब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 2,139 एफआईआर दर्ज की हैं।

पंजाब में इस सीजन के दौरान पराली जलाने के मामले 7,000 से पार हो गए हैं। शनिवार को 69 नए मामले सामने आने से कुल संख्या 7,006 तक पहुंच गई। यह आंकड़ा पिछले साल इसी अवधि के दौरान दर्ज हुए 5,114 मामलों से 37 प्रतिशत ज्यादा है।
देश के सात राज्यों में पराली जलाने के अब तक कुल 16,596 मामले सामने आए हैं। इनमें से अकेले पंजाब की हिस्सेदारी 42.21 प्रतिशत बनती है। अन्य राज्यों में से मध्य प्रदेश में 5,209, उत्तर प्रदेश में 2,029, राजस्थान में 1,796, हरियाणा में 319 और उत्तराखंड में 231 मामले दर्ज किए गए हैं।
पंजाब के पांच जिले देश भर में सबसे अधिक प्रभावित 10 जिलों में शामिल हैं। फिरोजपुर 906 मामलों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद संगरूर में 793, तरनतारन में 711, बठिंडा में 638 और पटियाला में 444 घटनाएं दर्ज हुई हैं।
पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने के कारण प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सरकारी हुक्मों की उल्लंघना करने के आरोप के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के अंतर्गत अब तक 2,139 एफआईआर दर्ज की हैं। सबसे अधिक 312 केस तरनतारन में दर्ज किए गए हैं, जबकि फिरोजपुर में 303 और संगरूर में 295 केस दर्ज हुए हैं।
भूमि रिकॉर्ड में भी 2,266 रेड एंट्रियां की गई हैं। इसमें फिरोजपुर 342 इंद्राज के साथ सबसे आगे है, जबकि तरनतारन में 317 और संगरूर में 295 रेड एंट्रियां हुई हैं। इसके अलावा 2,441 मामलों में 1.22 करोड़ रुपये का पर्यावरण मुआवजा लगाया गया, जिसमें से 43.25 लाख रुपये वसूल कर लिए गए हैं।
लापरवाही बरतने वाले 2,193 नोडल और सुपरवाइजरी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्यूएम) कानून की धारा 14 के तहत 41 सुपरवाइजरी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। इस कानून के तहत पांच साल तक की कैद या 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान 'क्रीम्ज' के आंकड़ों के अनुसार पराली जलाने की घटनाएं देश के 178 जिलों में सामने आई हैं, जिनमें पंजाब के सभी 23 जिले शामिल हैं।
अहम घटनाक्रम
- पंजाब में पराली जलाने के मामले 7,000 से पार पहुंचे
- पिछले साल के मुकाबले घटनाओं में 37 प्रतिशत की वृद्धि
- नियम तोड़ने पर अब तक 2,139 एफआईआर दर्ज
- भूमि रिकॉर्ड में 2,266 लाल इंद्राज किए गए



