भाखड़ा नहर पर पुल गिरने के बाद पंजाब सरकार ने सभी पुलों का सेफ्टी ऑडिट मांगा
पर्पटियाला के पास नेशनल हाईवे का पुल टूटने के बाद पंजाब सरकार ने केंद्र से राज्य के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के पुलों की जांच करवाने की मांग की है।

पटियाला-संगरूर बाइपास पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना पुल गिरने के बाद पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार को राज्य के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के पुलों का सुरक्षा ऑडिट करवाने के लिए कहा है।
पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर पुराने पुलों की मजबूती, भार सहने की क्षमता और समय-समय पर मरम्मत को सुनिश्चित करने की मांग की है।
नेशनल हाइवेज़ अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (एनएचएआई) ने हादसे के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक समिति बनाई है। अधिकारियों के अनुसार आवाजाही बहाल करने के लिए अगले कुछ दिनों में वहां 60 मीटर लंबा अस्थायी बेली ब्रिज तैयार किया जाएगा।
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है और एनएचएआई से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने कहा कि यह भी पड़ताल की जा रही है कि क्या ट्रकों में निर्धारित मात्रा से अधिक भार था या यह गैर-कानूनी माइनिंग से जुड़े हुए थे।
मलबा हटाने समय नहर के किनारों को नुकसान से बचाने के लिए जल संसाधन विभाग ने भाखड़ा नहर में पानी का बहाव घटा दिया है और किनारों को मजबूत करने का काम शुरू किया है।
सुरक्षा के मद्देनजर साथ लगते दूसरे पुल से भी भारी वाहनों के गुजरने पर रोक लगा दी गई है और आवाजाही को शहर और सर्विस रोड की तरफ मोड़ा गया है।
जिक्रयोग्य है कि वीरवार सुबह नेशनल हाईवे-07 पर गांव पसियाना के पास लोहे का यह पुल अचानक टूट गया था, जिससे रेत के ट्रक पुल के मलबे में फंस गए थे और एक ट्रक को आग लग गई थी।
अहम घटनाक्रम
- पंजाब सरकार ने केंद्र को राज्य के सभी हाईवे पुलों का सुरक्षा ऑडिट करवाने के लिए पत्र लिखा
- एनएचएआई द्वारा आवाजाही पुनः चालू करने के लिए अस्थायी बेली ब्रिज बनाने की तैयारी
- ट्रकों के ओवरलोड होने और गैर-कानूनी माइनिंग के पहलुओं की जांच जारी
- नहर के किनारों की सुरक्षा के लिए भाखड़ा में पानी का बहाव घटाया गया
-1-800x370.webp)


