LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
प्रवासी

अमेरिका और कनाडा में दिवाली की धूम, मेलों और आतिशबाजी से सजे बाजार

अमेरिका और कनाडा में भारतीय समुदाय द्वारा दिवाली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कई शहरों में विशेष मेले, रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

अमेरिका और कनाडा में दिवाली की धूम, मेलों और आतिशबाजी से सजे बाजार
Punjab Television

अमेरिका और कनाडा के विभिन्न शहरों में दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। दोनों देशों के कई इलाकों में सांस्कृतिक मेले, रंगारंग कार्यक्रम, रामलीला और आतिशबाजी से बाजार रोशन नजर आ रहे हैं।

न्यूयार्क राज्य की गवर्नर कैथी होचुल ने 8 नवंबर को आधिकारिक तौर पर दिवाली के रूप में मान्यता दी है। इसी तरह टोरंटो की मेयर ओलिविया चाओ ने शहर की काउंसिल की ओर से 8 नवंबर को 'दिवाली दिवस' घोषित किया है। नॉर्थ कैरोलिना के गवर्नर जोश स्टेन और वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन की ओर से भी दिवाली के घोषणापत्र जारी किए गए हैं।

कनाडा में अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ ने कैलगरी स्थित दशमेश कल्चर सेंटर और हिंदू सोसायटी में दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के कार्यक्रमों में शिरकत की। देश की विदेश मंत्री अनीता आनंद और खजाना बोर्ड के अध्यक्ष शफकत अली ने हिंदू सभा मंदिर का दौरा किया, जबकि ओन्टारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने भी दिवाली गाला में हिस्सा लिया।

अमेरिका में न्यूजर्सी के एडिसन स्थित पापायानी पार्क में विशाल कार्यक्रम करवाया गया, जिसमें एक लाख से अधिक लाइटें, ड्रोन शो और आतिशबाजी शामिल रही। न्यूयार्क के जैक्सन हाइट्स और न्यूजर्सी के ओक ट्री रोड पर रामलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां की गईं।

शिकागो के बार्टलेट और दक्षिणी कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में बीएपीएस मंदिरों में चोपड़ा पूजन और विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की गईं। टोरंटो के गेरार्ड इंडिया बाजार में संगीत और दीयों से मेला सजा, जबकि सरी और मांट्रियल में पारंपरिक मिठाइयों की खरीद-फरोख्त के लिए दुकानों पर भारी रौनक रही।

कैलगरी के फायर मार्शल ग्लेन बैक्सटर ने लोगों को याद दिलाया कि शहर में निजी तौर पर पटाखे चलाने की मनाही है और लोग सुरक्षित तरीके से दीए जलाकर ही त्योहार मनाएं।

इस दौरान वाशिंगटन राज्य के सिएटल में एक सांस्कृतिक दिवाली समारोह के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने नस्लीय नारेबाजी की। अमेरिकी सांसद प्रमीला जयपाल ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि हर समुदाय को बिना डर त्योहार मनाने की आजादी है और ऐसी नफरत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अहम घटनाक्रम

  • न्यूयार्क और टोरंटो में 8 नवंबर को दिवाली दिवस के रूप में घोषित किया गया।
  • कनाडा और अमेरिका के कई शहरों में भव्य मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
  • सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान नस्लीय नारेबाजी की घटना सामने आई, जिसकी सांसद प्रमीला जयपाल ने निंदा की।