LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
गुरुवार, 12 नवंबर 2026
देश

पंजाब समेत देश के 16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, IMD की चेतावनी

देश के 16 राज्यों में बारिश, गरज-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी, कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं।

देश में सर्दी की शुरुआत के साथ ही मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 12 नवंबर को दिल्ली समेत देश के 16 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इस के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब हो सकता है।

मौसम विभाग मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का एक सिस्टम बना हुआ है, जबकि सिक्किम के पास भी ऐसा ही मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना है। इस कारण 14 नवंबर के आस-पास बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब और पश्चिम बंगाल समेत उत्तर-पूर्वी व पहाड़ी राज्यों में गरज-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में गुरुवार को बारिश होने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक और तूफान की चेतावनी दी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन वेले हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ेगी।

उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, सोनभद्र, बांदा, प्रतापगढ़, बरेली, अमरोहा, कानपुर, हरदोई, पीलीभीत, जौनपुर, अंबेडकर नगर, शाहजहांपुर, बस्ती, आजमगढ़, अयोध्या, गोंडा और गोरखपुर में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उधर बिहार में पटना, सीवान, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, लखीसराय और मुंगेर में मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर, दार्जिलिंग, पूर्वी बर्धवान, पश्चिमी मेदिनीपुर, कालिम्पोंग और बांकुरा में बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राजस्थान में भी 12 और 13 नवंबर को मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा कोटा, जयपुर, चूरू, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जैसलमेर, जालोर, करौली, श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, पाली, राजसमंद और बीकानेर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जयपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पंजाब में भी मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। बठिंडा, लुधियाना, फरीदकोट, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर और संगरूर में मध्यम से भारी बारिश होने के साथ गरज-तूफान आने की संभावना है। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। ऐसे में किसानों को मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर ध्यान देने की जरूरत है।

अहम घटनाक्रम

  • देश के 16 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
  • IMD के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 80 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।
  • पंजाब के 7 जिलों में भी बारिश और गरज-तूफान की चेतावनी दी गई है।