गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप छापने का मामला: श्री अकाल तख्त साहिब ने जितिंदर सिंह सचदेवा को किया तलब
अमेरिका में बिना मंजूरी के श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप छापने के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने न्यूयॉर्क के जितिंदर सिंह सचदेवा को 10 दिसंबर तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश दिए हैं।

श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से अमेरिका के न्यूयॉर्क निवासी जितिंदर सिंह सचदेवा को 10 दिसंबर 2026 तक सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया गया है। यह कार्रवाई अमेरिका में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की अनधिकृत छपाई और वितरण करने के आरोपों के तहत की गई है।
कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज के निर्देशों पर यह आदेश जारी किए गए हैं। श्री अकाल तख्त साहिब को विदेशों में बसने वाली संगत की तरफ से मिली लिखित शिकायतों में बताया गया था कि सचदेवा ‘घर घर अंदरि धरमसाल’ नामक संस्था के माध्यम से बिना जरूरी मंजूरी के पावन स्वरूप छाप और वितरित कर रहे हैं।
सचिवालय द्वारा जारी आदेश में 9 मई 1998 के हुक्मनामे का हवाला दिया गया है, जिसके अनुसार सिख कौम की प्रतिनिधि संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के पास ही पावन स्वरूप छापने और प्रकाशित करने के विशेष अधिकार हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई श्री अकाल तख्त साहिब के नियमों का उल्लंघन है। जितिंदर सिंह सचदेवा को पावन स्वरूपों की छपाई तुरंत रोकने और पेशी के समय अब तक छापे गए सभी स्वरूपों का पूरा ब्योरा साथ लेकर आने का आदेश दिया गया है।
इसी मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने अमेरिका में रहने वाले छह अन्य व्यक्तियों से भी 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है। इनमें बाबा सज्जन सिंह, ज्ञानी भूपिंदर सिंह, जितिंदर सिंह, हरबंस सिंह, हरचरण सिंह और गुरदेव सिंह शामिल हैं।
शिकायतों के मुताबिक इन व्यक्तियों ने एसजीपीसी के अधिकारों की जानकारी होने के बावजूद सचदेवा के साथ मुलाकात की थी और इस गैर-कानूनी छपाई की सराहना की थी। अकाल तख्त साहिब ने उन्हें इस मामले में अपना स्पष्टीकरण भेजने के निर्देश दिए हैं।
अहम घटनाक्रम
- जितिंदर सिंह सचदेवा को 10 दिसंबर 2026 तक श्री अकाल तख्त साहिब पेश होने के आदेश
- श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों की छपाई तुरंत रोकने और रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश
- अमेरिका रह रहे छह अन्य व्यक्तियों से 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब



