LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
गुरुवार, 12 नवंबर 2026
राजनीति

कांग्रेस ने शुरू की ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ मुहिम, परगट सिंह ने रूपरेखा की घोषित

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ से ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ मुहिम शुरू की है। पार्टी ने कहा कि वह नशों, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगी।

कांग्रेस ने शुरू की ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ मुहिम, परगट सिंह ने रूपरेखा की घोषित
Punjab Television

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय से ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ नामक नई मुहिम शुरू की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने इसकी शुरुआत करते हुए घोषणा की कि पार्टी नेता और कार्यकर्ता हर गांव, शहर और गली-मोहल्ले तक जाकर लोगों की मुश्किलें सुनेंगे।

परगट सिंह ने बताया कि इस मुहिम को आम लोगों की लहर बनाने के लिए पैदल मार्च किए जाएंगे, साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी और बसों के जरिए भी लोगों से राब्ता कायम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नशों, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था की हालत और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मौजूदा सरकार की जवाबदेही तय करेगी।

उनके मुताबिक पार्टी का मकसद सिर्फ सरकार की कमियां गिनाना ही नहीं, बल्कि सूबे की खुशहाली और विकास के लिए ठोस नीति भी तैयार करना है। इस वास्ते किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, शिक्षा शास्त्रियों, बुद्धिजीवियों, महिलाओं और नौजवानों के साथ खुली विचार-चर्चा की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के भविष्य में हर नागरिक बराबर का हिस्सेदार है। उन्होंने कहा कि माहिरों की सलाह और जमीनी स्तर पर लोगों की तरफ से मिलने वाले सुझावों को शामिल करके ही भविष्य का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

प्रोग्राम के दौरान विरोधी पक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह सिर्फ सियासी मुहिम नहीं, बल्कि पंजाब के अधिकारों और बेहतर कल की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग के सहयोग से ‘आप’ सरकार से जवाब मांगेगी और लोगों की राय के अनुसार साल 2027 के लिए विकास का नया खाका पेश करेगी।

अहम घटनाक्रम

  • कांग्रेस भवन चंडीगढ़ से ‘पंजाब मांगता इंसाफ’ मुहिम की शुरुआत
  • साइकिल रैलियां, पैदल मार्च और बसों के जरिए लोगों तक पहुंचने का प्रोग्राम
  • नशों, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगने की घोषणा
  • समाज के अलग-अलग वर्गों के सुझाव लेकर 2027 के लिए विकास खाका तैयार करने की योजना