LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
पंजाब

पंजाब में धान की खरीद 101 लाख मीट्रिक टन से पार, किसानों को 20,713 करोड़ रुपये जारी

राज्य भर की मंडियों में अब तक 101.96 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है और 4.71 लाख से अधिक किसानों के खातों में भुगतान हो चुका है।

फ़ाइल फ़ोटो

पंजाब की अनाज मंडियों में सरकारी एजेंसियों द्वारा अब तक 101.96 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसके साथ ही 4.71 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 20,713.24 करोड़ रुपये की रकम सीधे भेजी गई है।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारुचक्क ने खरीद सीजन का जायजा लेने के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान यह विवरण साझा किए। उन्होंने बताया कि किसानों को फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है।

मंत्री के मुताबिक मंडियों में से धान की उठान का काम भी तेजी से निपटाया जा रहा है। अब तक 70 लाख मीट्रिक टन धान उठाया जा चुका है, जो 72 घंटे के उठान चक्र के हिसाब से लगभग 86 फीसदी बनता है।

खरीद को सुचारू ढंग से चलाने के लिए राज्य में 2,500 से अधिक मंडियां काम कर रही हैं। लाल चंद कटारुचक्क ने कहा कि पंजाब इस बार 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अपना लक्ष्य आसानी से पूरा कर लेगा।

इस दौरान मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी कि पंजाब से बाहर से लाया गया धान यहाँ की मंडियों में किसी भी हालत में न बिकने दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए बाहरी धान की अवैध बिक्री रोकने के लिए पूरी चौकसी बरती जाए।

बैठक में खाद्य व नागरिक आपूर्ति के प्रमुख सचिव राहुल तिवारी, डायरेक्टर वरिंदर कुमार शर्मा, अतिरिक्त डायरेक्टर डॉ. अंजुमन भास्कर, अजयवीर सिंह सराओ और जनरल मैनेजर (वित्त) सरवेश कुमार भी मौजूद थे।

अहम घटनाक्रम

  • मंडियों में 101.96 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद
  • 4.71 लाख से अधिक किसानों को 20,713.24 करोड़ रुपये जारी
  • किसानों को 2,461 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी मिल रहा है
  • अब तक 70 लाख मीट्रिक टन धान का उठान
  • पंजाब से बाहर के धान की अवैध बिक्री रोकने के निर्देश