पंजाब में पराली जलाने के मामले 2,100 के पार, 494 एफआईआर दर्ज
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राज्य में पराली जलाने की घटनाएं 2,196 तक पहुंच गई हैं और 636 मामलों में जुर्माना लगाया गया है।

पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य में इस सीजन के दौरान 3 नवंबर तक पराली जलाने के कुल 2,196 मामले सामने आ चुके हैं। प्रशासन ने इन घटनाओं को लेकर अब तक 494 एफआईआर दर्ज की हैं।
बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक 636 मामलों में कुल 32.05 लाख रुपये का पर्यावरण मुआवजा जुर्माने के रूप में लगाया गया है, जिसमें से 20.60 लाख रुपये की वसूली कर ली गई है।
राज्य में सबसे अधिक 545 मामले तरनतारन जिले में दर्ज हुए हैं। फिरोजपुर में 305, अमृतसर में 198, संगरूर में 154 और बठिंडा में 148 स्थानों पर खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।
इसके अलावा गुरदासपुर में 108, पटियाला में 93, फरीदकोट में 66 और फाजिल्का में 52 मामले दर्ज किए गए हैं। पटियाला जिले में 9 एफआईआर दर्ज हुई हैं और सात मामलों में 40 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
अधिकारियों द्वारा अब तक 1,487 खेतों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 701 स्थानों पर आग लगने की पुष्टि हुई और 81 खेतों में आग लगने के सबूत मिले हैं। कार्रवाई के दौरान 527 खेतों के माल रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज की गई है।
लापरवाही के आरोपों के तहत 609 चेतावनी नोटिस जारी किए गए हैं और 16 मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी भी मामले में चालान पेश नहीं किया गया और न ही किसी नोडल या निगरानी अधिकारी को निलंबित किया गया है।
अहम घटनाक्रम
- पंजाब में 3 नवंबर तक पराली जलाने के 2,196 मामले दर्ज
- तरनतारन 545 घटनाओं के साथ राज्य में सबसे आगे
- 494 मामलों में एफआईआर दर्ज और 527 खेतों के रिकॉर्ड में रेड एंट्री
- 636 मामलों में 32 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया



