पंजाब में 177 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद, हर दाना उठाएंगे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समीक्षा बैठक के दौरान बताया कि पंजाब में अब तक 177 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है और सरकार फसल का एक-एक दाना उठाने के लिए वचनबद्ध है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि राज्य में चल रहे खरीद सीजन के दौरान अब तक 177 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद मुकम्मल कर ली गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदने और उसकी उठान सुनिश्चित करने के लिए वचनबद्ध है और किसी भी किसान को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री मुताविक मंडियों में खरीद प्रक्रिया निर्विघ्न चल रही है और किसान, आढ़ती, राइस मिलर, ट्रांसपोर्टर और मजदूर प्रबंधों से संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि जहां भी फसल पहुंच रही है, बिना किसी देरी के खरीदी जा रही है।
भगवंत मान ने कहा कि खेतों तक नहरी पानी की लगातार सप्लाई से धान के झाड़ में 4 से 5 क्विंटल प्रति एकड़ का इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि कम बारिश के बावजूद नहरी पानी मिलने के कारण किसानों की भूजल पर निर्भरता घटी है और नहरी पानी में मौजूद पोषक तत्वों से जमीन की उपजाऊ शक्ति भी बढ़ी है।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि सीजन के पूरा होने तक मंडियों में चौकसी बरती जाए और समय पर खरीद एवं लिफ्टिंग के प्रबंध बरकरार रखे जाएं।
इस बैठक में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारुचक्क, हरदीप सिंह मुंडिया, वरिंदर कुमार गोयल, मुख्य सचिव केएएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत और स्पेशल डीजीपी पीके सिन्हा सहित अन्य सीनियर अधिकारी शामिल थे।
अहम घटनाक्रम
- राज्य भर में अब तक 177 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद मुकम्मल हुई
- मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सीजन के अंत तक पुख्ता प्रबंध रखने के दिए हुक्म
- नहरी पानी की सप्लाई से धान के झाड़ में 4 से 5 क्विंटल प्रति एकड़ बढ़ोतरी



