LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
गुरुवार, 12 नवंबर 2026
पंजाब

पाकिस्तान भगवंत मान को वीजा जारी करने पर करेगा विचार

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अगर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वहां आना चाहें तो उन्हें वीजा देने पर विचार किया जाएगा। हालांकि, भारत सरकार की तरफ से उन्हें मंजूरी मिलना एक अलग मामला है।

फ़ाइल फ़ोटो

पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि अगर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वहां का दौरा करना चाहें तो वह उन्हें वीजा जारी करने पर विचार करेगा।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार भगवंत मान को पाकिस्तान जाने की मंजूरी देती है या नहीं, यह पूरी तरह से एक अलग विषय है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 23 अक्टूबर को बताया था कि उन्हें 27 नवंबर को लाहौर में होने वाली विश्व पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का न्योता मिला है। उस समय उन्होंने शक जाहिर किया था कि क्या उन्हें वहां जाने की अनुमति मिलेगी। मान ने कहा था कि दोनों पक्षों की संस्कृति साझा है और यहां से कई शायर भी कॉन्फ्रेंस में शिरकत करेंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इच्छा जाहिर की थी कि अगर करतारपुर कॉरिडोर फिर से खुलता है तो पंजाब विधानसभा के सभी विधायक करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाएं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सभी धर्मों के श्रद्धालुओं का स्वागत करता है और धार्मिक स्थलों की यात्रा की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान इसी महीने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के मौके पर ननकाना साहिब में बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं के आने का इंतजार कर रहा है।

अहम घटनाक्रम

  • पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भगवंत मान को वीजा देने पर विचार करने की बात कही
  • मुख्यमंत्री को 27 नवंबर को लाहौर में विश्व पंजाबी कॉन्फ्रेंस का न्योता मिला हुआ है
  • पाकिस्तान के मुताबिक भारत सरकार की तरफ से मंजूरी दिए जाना एक अलग मामला है