बीबी जागीर कौर ने अकाली दल में वापसी के दिए संकेत, भाजपा गठबंधन की वकालत
एसजीपीसी की पूर्व प्रमुख बीबी जागीर कौर ने शिरोमणि अकाली दल में लौटने का इशारा करते हुए भाजपा के साथ गठबंधन करने की वकालत की है।

एसजीपीसी की पूर्व प्रमुख बीबी जागीर कौर ने सुखबीर सिंह बादल के अकाली दल में दोबारा शामिल होने का इशारा किया है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के साथ दोबारा सांझ डालने की भी पुरजोर समर्थन किया है।
एक सोशल मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि पुनर्जीवित अकाली दल जिस लक्ष्य को लेकर बनाया गया था, वह मकसद हासिल नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि यह नया संगठन चुनाव आयोग के पास रजिस्टर भी नहीं करवाया जा सका।
उन्होंने जोर देकर कहा कि 106 वर्ष पुरानी मूल पार्टी को मजबूत करने की सख्त जरूरत है और उन्होंने खुद कभी भी अकाली दल से नाता नहीं तोड़ा। उनके अनुसार यदि नेता आपस में दूरियां बनाकर बैठे रहेंगे तो गिले-शिकवे कभी खत्म नहीं होंगे।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल के साथ आमने-सामने बातचीत के जरिए आपसी विवाद हल किए जा सकते हैं। पार्टी में वापसी पर लोगों के संभावित सवालों के बारे में उन्होंने कहा कि समय आने पर सबको संतोषजनक जवाब मिल जाएंगे।
भाजपा के साथ गठबंधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल केंद्रीय योजनाओं के पैसे हासिल करने के लिए छह-सात अधिकारियों को लगातार तैनात रखते थे। उनका मानना है कि दोनों पक्षों के एकजुट होने से ही राज्य के अंदर मजबूत सरकार खड़ी हो सकती है।
अहम घटनाक्रम
- बीबी जागीर कौर ने सुखबीर सिंह बादल के साथ बैठकर मतभेद सुलझाने की बात कही।
- उन्होंने माना कि पुनर्जीवित अकाली दल का मिशन अधूरा रहा और वह रजिस्टर भी नहीं हुआ।
- पंजाब में मजबूत सरकार बनाने के लिए अकाली-भाजपा गठबंधन का समर्थन किया।



