LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
पंजाब

मोगा से 'आप' विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के मोगा स्थित घर समेत कई ठिकानों पर तलाशी ली। यह जांच जमीन अधिग्रहण और सरकारी फंडों के कथित दुरूपयोग से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है।

मोगा से 'आप' विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
Punjab Television

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने बुधवार तड़के करीब 6 बजे मोगा से आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा की रिहाईश समेत कई जगहों पर छापेमारी शुरू की। जांच टीमों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान भी तैनात थे।

ईडी अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई नेशनल हाईवे 754-ए के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजे के वितरण में गड़बड़ी से जुड़ी है। इस संबंध में 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में दर्ज हुई एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज करके पड़ताल की जा रही है।

पुलिस द्वारा दर्ज मूल एफआईआर में पटवारी नवदीप सिंह और दिलखुश कुमारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। उस पुलिस केस में विधायक मुलजिम के रूप में नामजद नहीं थीं।

ईडी की टीमों ने दोसांझ रोड स्थित विधायक की रिहाईश, मोगा-लुधियाना रोड पर स्थित फ्लैट, उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से संबंधित नशा छुड़ाऊ अस्पताल और लुधियाना स्थित पारिवारिक घर समेत करीब सात जगहों पर तलाशी ली। कार्रवाई के वक्त विधायक घर में ही मौजूद थीं।

डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा पंजाब 'आप' की महिला विंग की प्रधान हैं। पार्टी ने कुछ दिन पहले ही 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए उन्हें मोगा निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा उम्मीदवार घोषित किया है।

छापेमारी की सूचना मिलने के बाद 'आप' नेता और कार्यकर्ता विधायक के घर के बाहर इकट्ठा हुए और केंद्रीय जांच एजेंसी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावों से पहले सियासी दबाव डालने के लिए यह कदम उठाया गया है।

अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।

अहम घटनाक्रम

  • ईडी ने बुधवार सुबह विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के मोगा घर और अन्य जगहों पर ली तलाशी
  • नेशनल हाईवे 754-ए के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे से जुड़े मामले में हो रही है पड़ताल
  • धर्मकोट थाने की 2024 वाली पुलिस एफआईआर के आधार पर दर्ज किया गया है मनी लॉन्ड्रिंग केस
  • 'आप' कार्यकर्ताओं ने विधायक की रिहाईश बाहर केंद्रीय एजेंसी के खिलाफ की नारेबाजी