लाहौर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना, एक्यूआई 530 दर्ज
पाकिस्तान के शहर लाहौर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 530 तक पहुंचने के बाद यह दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। आईक्यूएयर की ताजा वैश्विक रैंकिंग के अनुसार 530 एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के साथ लाहौर दुनिया का सबसे अधिक प्रदूषित शहर दर्ज किया गया है।
इस दौरान लाहौर में महीन कणों यानी पीएम2.5 की मात्रा 343 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गई। इस सूची में मिस्र का शहर काहिरा 226 एक्यूआई के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
पाकिस्तान के कई अन्य शहरों में भी प्रदूषण बहुत ज्यादा बढ़ गया है। गुजरानवाला में एक्यूआई 475 और फैसलाबाद में 435 दर्ज किया गया, जबकि मुल्तान में यह आंकड़ा 280 और सियालकोट में 241 रहा।
लाहौर के प्रमुख शहरों में घने जहरीले धुएं की चादर फैलने के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। खेतों में अवशेष जलाने और मौसमी बदलाव के कारण प्रदूषण के स्तर में तेजी से उछाल आया है।
पाकिस्तान एयर क्वालिटी इनिशिएटिव की एक रिपोर्ट के मुताबिक वायु प्रदूषण के कारण पाकिस्तान में औसत उम्र लगभग 3.9 साल घट रही है, जबकि लाहौर में यह कमी 7 साल तक हो सकती है। देश में हर साल प्रदूषण के कारण करीब 1 लाख 28 हजार लोगों की समय से पहले मौत होती है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि लाहौर में प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत ट्रांसपोर्ट है। इसके अलावा 28 फीसदी प्रदूषण उद्योगों और 17 फीसदी ईंट भट्ठों के कारण फैलता है।
अहम घटनाक्रम
- लाहौर 530 एक्यूआई के साथ दुनिया भर में सबसे अधिक प्रदूषित शहर दर्ज
- गुजरानवाला में एक्यूआई 475 और फैसलाबाद में 435 तक पहुंचा
- प्रदूषण से लाहौर वासियों की औसत उम्र 7 साल घटने का अंदेशा
- ट्रांसपोर्ट, उद्योग और ईंट भट्ठे लाहौर में प्रदूषण के मुख्य कारण



