LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
पंजाब

हाई कोर्ट का आदेश बदला, दलजीत सिंह का अंतिम संस्कार आज पैतृक गांव में होगा

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पुराना फैसला बदलते हुए दलजीत सिंह का शव का अंतिम संस्कार आज मानसा जिले के गांव भम्मे कलां में करने की अनुमति दे दी है। अदालत ने संस्कार के समय राजनीतिक दखल पर रोक लगाते हुए पुलिस को सुरक्षा प्रबंध पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं।

हाई कोर्ट का आदेश बदला, दलजीत सिंह का अंतिम संस्कार आज पैतृक गांव में होगा
Punjab Television

पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पहले जारी किए गए आदेशों में संशोधन करते हुए मानसा जिले के गांव भम्मे कलां के निवासी दलजीत सिंह का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में ही करने की छूट दे दी है। जस्टिस संजय वशिष्ठ ने निर्देश दिया है कि यह अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर से पहले पूरा किया जाए।

यह राहत मृतक की पत्नी परमजीत कौर और मां की ओर से पेश की गई नई याचिका पर सुनवाई के बाद मिली है। उनके वकील बलतेज सिंह सिद्धू ने बेंच के समक्ष पक्ष रखा कि पारिवारिक मर्यादा और रीती-रिवाजों के मुताबिक वे अपने गांव में ही अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। याचिकाकर्ता और मृतक की बहन अमरजीत कौर ने भी इस बदलाव पर सहमति जताई।

अदालत ने हिदायत दी है कि चंडीगढ़ पीजीआई में दूसरा पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव को पुलिस सुरक्षा में सीधा भम्मे कलां के श्मशान घाट पहुंचाया जाए। आदेश के मुताबिक शव को श्मशान घाट के अलावा किसी भी अन्य स्थान पर ले जाने की मनाही होगी और सभी धार्मिक रस्में श्मशान घाट में ही पूरी की जाएंगी।

बेंच ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी राजनीतिक दल, नेता या बाहरी संस्था को अंतिम संस्कार में शामिल होने या प्रबंधों में किसी तरह का दखल देने का हक नहीं होगा। पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि वे उपयुक्त सुरक्षा तैनात करें ताकि कोई भी बाधा उत्पन्न न हो सके।

इससे पहले अदालत ने 3 नवंबर को अंतिम संस्कार चंडीगढ़ में ही करने के लिए कहा था, जिसके खिलाफ परिवार ने अर्जी दाखिल की थी कि उन्हें सुने बिना यह आदेश सुनाया गया था।

दलजीत सिंह की मौत 27 अक्टूबर को हुई थी। परिवार ने नशे की ओवरडोज के कारण जान जाने का आरोप लगाया था, जबकि पुलिस की ओर से दर्ज हत्या के मामले के मुताबिक उसके साथ मारपीट की गई थी। अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।

अहम घटनाक्रम

  • हाई कोर्ट ने अपने पुराने आदेश बदलकर पैतृक गांव में अंतिम संस्कार की मंजूरी दी
  • दलजीत की पत्नी और मां की अर्जी पर अदालत ने लिया फैसला
  • गुरुवार दोपहर से पहले परिवार की मौजूदगी में होंगी अंतिम संस्कार की रस्में
  • राजनीतिक नेताओं और बाहरी संगठनों के शामिल होने पर पूरी तरह रोक
  • चंडीगढ़ पीजीआई से शव सीधा भम्मे कलां के श्मशान घाट लाया जाएगा