LIVE TV
ताज़ा ख़बरें
बुधवार, 11 नवंबर 2026
राजनीति

भाजपा से गठबंधन के सवाल पर सुखबीर बादल बोले, कुछ दिनों में स्थिति होगी साफ

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा के साथ गठबंधन की चर्चाओं पर कहा है कि आने वाले कुछ दिनों के भीतर सब साफ हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को छोड़कर बाकी पार्टियों के साथ सहयोग के संकेत दिए हैं।

फ़ाइल फ़ोटो

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी के साथ दोबारा गठबंधन होने की चर्चाओं के बीच कहा है कि आने वाले कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह कोई ज्योतिषी नहीं हैं और जो भी होगा, उसके बारे में जल्दी ही पता चल जाएगा।

सुखबीर बादल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पंजाब की दुश्मन पार्टियां हैं। उनके मुताबिक इन दोनों को छोड़कर अकाली दल ऐसी हर पार्टी से बातचीत के लिए तैयार है जो पंजाब के हितों की रक्षा करती हो और उनके फलसफे से सहमत हो।

इसी बीच संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़ी संगठन भारतीय किसान यूनियन (कादियां) ने आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली दल को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है। यूनियन के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां ने कहा कि पिछले तीन महीनों के दौरान सभी राजनीतिक दलों को परखने के बाद उन्होंने अकाली दल के किसान हितैषी एजेंडे के कारण यह फैसला लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार कृषि नीति लाने और किसानों से किए गए वादे पूरे करने में नाकाम रही है।

सुखबीर बादल और पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने किसान यूनियन की तरफ से मिले समर्थन का स्वागत किया और अन्य किसान व मजदूर संगठनों को भी पार्टी से जुड़ने का बुलावा दिया।

गौरतलब है कि केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने सितंबर 2020 में भाजपा से अपना 24 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली थीं, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल सिर्फ एक सीट जीत सका था और भाजपा खाता भी नहीं खोल सकी थी।

अहम घटनाक्रम

  • सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा के साथ संभावित गठबंधन के बारे में कहा कि कुछ दिनों में सब पता चल जाएगा
  • अकाली दल ने कांग्रेस और 'आप' को छोड़कर अन्य दलों के साथ सहयोग के दरवाजे खुले रखे
  • बीकेयू (कादियां) ने आने वाले चुनावों के लिए अकाली दल को बिना शर्त समर्थन दिया