लुधियाना: ऑस्ट्रेलिया से लौटे व्यक्ति ने पत्नी की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लुधियाना के पक्खोवाल रोड पर ऑस्ट्रेलिया से लौटने के महज दो दिन बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में ऑस्ट्रेलिया से लौटे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर तेजधार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
दुग्गरी थाने के एसएचओ गुरमुख सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति 50 वर्षीय रविंदर सिंह है जो पिक-अप वैन चलाता है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में चरित्र पर शक हत्या की वजह सामने आई है।
पुलिस के अनुसार यह जोड़ा ऑस्ट्रेलिया में रहने अपने छोटे बेटे को मिलने गया था। कमलदीप कौर लगभग चार महीने पहले वापस आ गई थी, जबकि रविंदर सिंह 29 अक्टूबर को भारत लौटा था। घर में उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह भी साथ रहता था।
गगनदीप सिंह द्वारा पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत के मुताबिक शनिवार शाम को उसके पिता ने उसे दूध लेने के लिए बाजार भेजा था। जब वह वापस लौटा तो उसने अपने पिता को घर से भागते देखा। अंदर जाकर देखने पर उसकी मां खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़ी थी।
आस-पास के लोगों की मदद से कमलदीप कौर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ गुरमुख सिंह ने बताया कि रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से गर्दन और पेट पर कई वार किए गए थे।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने भागने से पहले सबूत मिटाने के मकसद से चाकू धोकर वापस रख दिया था। पुलिस को शक है कि वह विदेश से ही पत्नी के हत्या की योजना बनाकर आया था।
दुग्गरी थाने में कत्ल का केस दर्ज करके आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।
अहम घटनाक्रम
- ऑस्ट्रेलिया से लौटने के दो दिन बाद वारदात को दिया गया अंजाम
- बेटे को दूध लेने बाजार भेजकर रसोई के चाकू से किया हमला
- दुग्गरी थाने की पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
- शुरुआती जांच में शक के आधार पर कत्ल करने की बात आई सामने



