कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी मामले में दो युवक गिरफ्तार
कनाडा के शहर सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

कनाडा के सरे शहर में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो नौजवानों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए मुलजिमों की पहचान 22 साल के प्रदीप सिंह और 22 साल के सभीर खान के रूप में बताई है।
ब्रिटिश कोलंबिया की प्रोविंशियल एक्सटॉर्शन टास्क फोर्स के अनुसार दोनों नौजवानों को 1 नवंबर को सरे से हिरासत में लिया गया था और वे इस वक्त पुलिस के पास हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ लापरवाही से हथियार चलाने के आरोप लगाए गए हैं। उन पर कपिल शर्मा के कैफे के अलावा एक रिहायशी मकान पर भी गोलीबारी करने का इल्जाम है।
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर 2025 को सरे की 120 स्ट्रीट पर स्थित 'कैप्स कैफे' पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना के वक्त कैफे बंद था लेकिन अंदर मौजूद दो मुलाजिम बच गए थे।
इस घटना से चार दिन पहले 12 अक्टूबर 2025 को सरे के ही एक घर पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक महिला जख्मी हुई थी। दोनों वारदातों के आपसी संबंध सामने आने के बाद टास्क फोर्स ने पड़ताल अपने हाथ में ली थी।
लोअर मेनलैंड के आरसीएमपी चीफ सुप्रीटेंडेंट डंकन पाउंड ने बताया कि ये गिरफ्तारियां एक साल से ज्यादा समय की जांच, सर्च वारंटों और सबूतों के विश्लेषण के बाद की गई हैं। उन्होंने कहा कि जबरन वसूली से जुड़ी हिंसा के खिलाफ कानून लागू करने वाली एजेंसियां संयुक्त तौर पर काम कर रही हैं।
अदालत में अभी कोई आरोप साबित नहीं हुआ है।
अहम घटनाक्रम
- सरे पुलिस ने 1 नवंबर को प्रदीप सिंह और सभीर खान को किया गिरफ्तार
- मुलजिमों पर कपिल शर्मा के कैफे और एक घर पर गोलियां चलाने के आरोप
- 16 अक्टूबर 2025 को कैफे पर हुई थी फायरिंग, मुलाजिम रहे थे सुरक्षित
- साल भर चली तफ्तीश के बाद टास्क फोर्स की तरफ से कार्रवाई



