पंजाब के किसानों को गेहूं के प्रमाणित बीजों पर मिलेगी 50 फीसदी सब्सिडी
पंजाब सरकार ने किसानों को गेहूं के प्रमाणित बीजों पर 50 फीसदी सब्सिडी देने के लिए 50 करोड़ रुपये की योजना शुरू की है। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के मुताबिक इसका लाभ राज्य के 2.42 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा।

पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने किसानों को गेहूं के प्रमाणित बीज 50 फीसदी सब्सिडी पर मुहैया करवाने के लिए 50 करोड़ रुपये की योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत वित्तीय सहायता की हद अधिकतम 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर रखी गई है।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस योजना से राज्य भर के 2,42,218 किसानों को लाभ मिलेगा। इसका मकसद किसानों को मियारी बीज सस्ते भाव मुहैया करवाना और भविष्य के लिए उनके अपने खेतों में इस्तेमाल करने योग्य बीज तैयार करने में मदद करना है।
मंत्री के मुताबिक 4,250 रुपये प्रति क्विंटल वाला प्रमाणित गेहूं का बीज खरीद के समय ही सब्सिडी घटाकर योग्य किसानों को 2,250 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से दिया जाएगा। यह सहायता लागत के 50 फीसदी या 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर, जो भी कम हो, के आधार पर मिलेगी।
यह योजना कृषोन्नति योजना के नेशनल फूड सिक्योरिटी एंड न्यूट्रिशन मिशन के तहत लागू की जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आधार कार्ड के साथ अपने जिला या ब्लॉक कृषि कार्यालय जाना पड़ेगा और agrimachinerypb.com पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवानी होगी। पहचान की तस्दीक आधार से जुड़े ओटीपी के जरिए होगी।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि यह सब्सिडी सिर्फ पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी लुधियाना की तरफ से सिफारिश की गई और आईसीएआर या पंजाब सरकार की तरफ से नोटिफाई की गई किस्मों पर ही मिलेगी, बशर्ते वे किस्में 10 साल से ज्यादा पुरानी न हों। बीज की गुणवत्ता के लिए नोडल एजेंसियां जवाबदेह होंगी।
इस योजना में सहायता 'पहले आओ, पहले पाऊ' के आधार पर दी जाएगी। केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार लाभार्थियों के लिए दो साल का कूलिंग-ऑफ पीरियड रहेगा और बीजों की मात्रा व सब्सिडी दावों की अचानक जांच भी की जाएगी।
अहम घटनाक्रम
- गेहूं के प्रमाणित बीजों पर 50 फीसदी या अधिकतम 2,000 रुपये प्रति हेक्टेयर सब्सिडी
- 4,250 रुपये प्रति क्विंटल वाला बीज किसानों को 2,250 रुपये में मिलेगा
- राज्य के 2,42,218 किसानों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद
- agrimachinerypb.com पोर्टल पर आधार के जरिए करवाई जा सकती है रजिस्ट्रेशन
- पीएयू की तरफ से सिफारिश की गई 10 साल से कम पुरानी किस्मों पर ही छूट लागू


