दिलजीत दोसांझ के इंदौर शो के दौरान ‘पटियाला पैग’ समेत चार गाने गाने पर रोक
इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में शराब और हिंसा को बढ़ावा मिलने की आशंका के चलते चार गानों पर रोक लगाई गई है।

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मध्य प्रदेश के शहर इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले संगीत कार्यक्रम के दौरान ‘पटियाला पैग’ समेत चार गाने गाने पर रोक लगा दी गई है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार जिला बाल सुरक्षा अधिकारी द्वारा यह हिदायतें कार्यक्रम वाली जगह के प्रबंधकों को भेजी गई हैं। प्रशासन ने इन गानों के जरिए शराब और हिंसा को बढ़ावा मिलने और बच्चों पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई है।
इस रोक के तहत ‘पटियाला पैग’ के अलावा तीन अन्य गाने—‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल हैं।
प्रबंधकों को भेजे पत्र में बताया गया है कि इस शो में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को शामिल होने की अनुमति है, जिस कारण ऐसे गाने उनकी मानसिकता पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं।
प्रशासन ने यह कदम चंडीगढ़ के निवासी डॉ. पंडितराव धरेनवड़ द्वारा दी गई शिकायत के बाद उठाया है। पत्र में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला दिया गया है, जिसके तहत लाइव शो समेत किसी भी जगह नशों, शराब और हिंसा को महिमामंडित करने वाले गानों पर नजर रखने की हिदायतें हैं।
डॉ. धरेनवड़ ने अपनी शिकायत में यह मांग भी रखी थी कि गायक को बोल बदलकर भी ये गाने गाने न दिए जाएं। इसके अलावा उन्होंने स्टेज पर बच्चों को लाने और छाती पर नकली कारतूसों वाली पेटी पहनने पर भी रोक लगाने की अपील की थी।
अहम घटनाक्रम
- इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के शो में चार गानों पर प्रतिबंध लगाया गया।
- बाल सुरक्षा विभाग ने ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ गाने से मना किया।
- चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धरेनवड़ की शिकायत और हाईकोर्ट के आदेशों के आधार पर यह कार्रवाई हुई।


